पोठिया प्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा नौ को

पोठिया प्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा नौ को
पोठिया. पोठिया प्रखंड में पंचायत समिति स्तर पर राजनीतिक सरगर्मी चरम पर पहुंच गयी है. बीडीओ पोठिया के द्वारा जारी आधिकारिक पत्र के अनुसार पंचायत समिति के प्रमुख शाद मुबारक अली के विरुद्ध लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर विचार-विमर्श के लिए विशेष बैठक बुलाई गयी है. इस संबंध में प्रखंड क्षेत्र के सभी पंचायत समिति सदस्यों को औपचारिक रूप से सूचना भेजते हुए निर्धारित तिथि पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है. यह कार्रवाई जिला निर्वाचन पदाधिकारी (पंचायत) सह जिला पदाधिकारी, किशनगंज के पत्रांक 777 (दिनांक 27 अप्रैल 2026) एवं प्रमुख, पोठिया के पत्रांक 50 (दिनांक 30 अप्रैल 2026) के आलोक में की गई है. जारी निर्देश के मुताबिक नौ मई 2026 को पूर्वाह्न 10:30 बजे प्रखंड मुख्यालय स्थित सभा कक्ष में पंचायत समिति की विशेष बैठक आयोजित होगी. इसमें अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा व आगे की प्रक्रिया संपन्न की जाएगी. सूत्रों के अनुसार, प्रखंड प्रमुख शाद मुबारख अली के खिलाफ लगाए गए आरोपों ने इस मुद्दे को और गंभीर बना दिया है. आरोप है कि अपने लगभग दो वर्षों के कार्यकाल के दौरान वे नियमित रूप से कार्यालय से अनुपस्थित रहे. इससे पंचायत समिति के विकास कार्यों में बाधा उत्पन्न हुई. कई योजनाओं का समय पर क्रियान्वयन नहीं हो सका. इसके अतिरिक्त उन पर मनमानी व निरंकुश कार्यशैली अपनाने, पंचायत समिति की नियमित बैठकों का आयोजन नहीं करने, क्षेत्रीय विकास कार्यों में उदासीनता बरतने तथा समिति सदस्यों की उपेक्षा करने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं. इधर, विशेष बैठक की घोषणा के साथ ही पूरे प्रखंड में राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है. विभिन्न पंचायतों के प्रतिनिधियों के बीच बैठकों और चर्चाओं का दौर तेज हो गया है. राजनीतिक जानकारों का मानना है कि 9 मई की बैठक पंचायत समिति के नेतृत्व के लिए निर्णायक साबित हो सकती है.अब सबकी निगाहें इस विशेष बैठक पर टिकी हुई हैं, जहां यह तय होगा कि प्रमुख के खिलाफ लाया गया अविश्वास प्रस्ताव पारित होता है या नहीं, और आगे पंचायत समिति की दिशा क्या होगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










