उफनती नदी के बीच कटाव प्रभावित इलाकों में पहुंचे DM, सुरक्षा कार्यों का लिया जायजा
कटाव प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण करते डीएम नवीन कुमार.
Kishanganj River Erosion: किशनगंज के डीएम नवीन कुमार ने दिघलबैंक के ग्वालटोली और पत्थरघट्टी में कटाव प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर गुणवत्ता, निगरानी और राहत कार्यों को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए.
दिघलबैंक से नरेंद्र कुमार की रिपोर्ट
Kishanganj River Erosion: मानसून की लगातार बारिश और नदियों के बढ़ते जलस्तर के बीच कटाव का खतरा गहराने लगा है. इसे देखते हुए किशनगंज के जिलाधिकारी नवीन कुमार शनिवार को दिघलबैंक प्रखंड के ग्वालटोली और पत्थरघट्टी पहुंचे. उन्होंने कटाव प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर नदी किनारे चल रहे कटाव रोधी कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया. साथ ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
गुणवत्ता से समझौता नहीं करने का निर्देश
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने जल संसाधन विभाग के अधिकारियों से कटाव रोधी कार्यों की विस्तृत जानकारी ली. उन्होंने स्पष्ट कहा कि बरसात के मौसम में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी. सभी सुरक्षात्मक कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप और तय समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं. संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी रखने के भी निर्देश दिए गए.
आपदा से निपटने की तैयारी रखें
डीएम ने संभावित कटाव वाले स्थलों का भी निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य तत्काल शुरू करने की पूरी तैयारी रहे. उन्होंने कहा कि लोगों की सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और मानसून के दौरान सभी विभाग पूरी सतर्कता के साथ कार्य करें.
अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान एसडीएम अनिकेत कुमार, जल संसाधन विभाग के अभियंता तथा जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे. डीएम के इस दौरे से स्पष्ट संदेश गया कि मानसून के दौरान संभावित कटाव और बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय और अलर्ट मोड में है.
और पढ़ें: किशनगंज समेत सीमांचल में ऑरेंज अलर्ट, अगले 3 घंटे आंधी-बारिश और वज्रपात का खतरा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










