दिघलबैंक राजकीय डिग्री कॉलेज का लोकार्पण, छात्राओं के लिए ‘पिंक बस’ सेवा शुरू

राजकीय डिग्री कॉलेज, दिघलबैंक के शैक्षणिक सत्र का फीता काटकर शुभारंभ करते डीएम व विधायक
जिला पदाधिकारी और विधायक ने दिघलबैंक राजकीय डिग्री कॉलेज का शुभारंभ किया। इस मौके पर छात्राओं के लिए विशेष 'पिंक बस' सेवा को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। नए महाविद्यालयों में छह विषयों की पढ़ाई शुरू हुई है।
जिला पदाधिकारी नवीन कुमार और ठाकुरगंज विधायक गोपाल कुमार अग्रवाल ने बुधवार को जिला शिक्षा विभाग के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में राजकीय डिग्री कॉलेज, दिघलबैंक में शैक्षणिक सत्र का संयुक्त रूप से लोकार्पण किया.
पिंक बस को दिखाई हरी झंडी
इस अवसर पर कोचाधामन और दिघलबैंक राजकीय डिग्री कॉलेज के लिए सरकार की ओर से संचालित 'पिंक बस' सेवा को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया. यह बस विशेष रूप से छात्राओं और महिलाओं के लिए संचालित की जाएगी. बस में महिला परिचालक की तैनाती की गई है तथा सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं. इसका संचालन प्रखंड मुख्यालय से राजकीय डिग्री कॉलेज तक होगा.
छह विषयों से हुई पढ़ाई की शुरुआत
जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) शिक्षा ने बताया कि राज्य सरकार के 'सात निश्चय-2' के तहत किशनगंज जिले के कोचाधामन, दिघलबैंक और टेढ़ागाछ प्रखंडों में नए राजकीय डिग्री महाविद्यालय खोले गए हैं. ये सभी महाविद्यालय पूर्णिया विश्वविद्यालय के अंगीभूत होंगे.
प्रारंभिक चरण में समाजशास्त्र, राजनीति शास्त्र, मनोविज्ञान, इतिहास, हिंदी और अंग्रेजी विषयों की पढ़ाई शुरू की गई है. भविष्य में विज्ञान और वाणिज्य संकाय की पढ़ाई भी शुरू की जाएगी.
स्थायी भवन बनने तक अस्थायी परिसर में होगी पढ़ाई
उन्होंने बताया कि कोचाधामन महाविद्यालय का संचालन हाई स्कूल धनपुरा, दिघलबैंक महाविद्यालय का तुलसिया हाई स्कूल तथा टेढ़ागाछ महाविद्यालय का संचालन बेणुगढ़ हाई स्कूल परिसर से किया जा रहा है. तीनों महाविद्यालयों में प्राचार्य की नियुक्ति हो चुकी है तथा नामांकन ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से लिया जा रहा है.
सरकार की योजना के अनुसार शहरी क्षेत्रों में 2.5 एकड़ और ग्रामीण क्षेत्रों में 5 एकड़ भूमि पर इन महाविद्यालयों के स्थायी भवन बनाए जाएंगे.
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त, बीडीओ, सीओ, महाविद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे.
और पढ़ें : ठाकुरगंज नगर पंचायत की पहल, गंदे पानी के उपचार के लिए बनेगा आधुनिक प्लांट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By अवधेश कुमार
अवधेश कुमार विगत 25 वर्षों से पत्रकारिता से जुड़े हुए हैं. इन्होंने बतौर पत्रकार अपने कैरियर की शुरूआत वर्ष 2001 से की. उसके बाद विगत 15 वर्षो से प्रभात खबर, किशनगंज के कार्यालय प्रभारी के रूप में कार्यरत हैं. इनकी रूचि राजनीतिक, सामाजिक व अपराध से जुड़ी खबरों में है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










