ePaper

स्कूली बच्चों, पुलिस व अधिकारियों ने दिया सड़क सुरक्षा का संदेश

Updated at : 31 Jan 2026 8:31 PM (IST)
विज्ञापन
स्कूली बच्चों, पुलिस व अधिकारियों ने दिया सड़क सुरक्षा का संदेश

स्कूली बच्चों, पुलिस व अधिकारियों ने दिया सड़क सुरक्षा का संदेश

विज्ञापन

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह पर किशनगंज में भव्य जागरूकता रैली

किशनगंज. राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अवसर पर जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर शुक्रवार को एक भव्य एवं प्रभावशाली जागरूकता रैली आयोजित की गई. यह रैली परिवहन विभाग एवं इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में निकाली गई, जिसमें स्कूली बच्चे, पुलिस कर्मी और परिवहन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में शामिल हुए. रैली का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करना और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना था. रैली को पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने गुब्बारे उड़ाकर एवं हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली अधिकांश मौतें लापरवाही के कारण होती हैं, जिन्हें थोड़ी सावधानी अपनाकर रोका जा सकता है. उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों से अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने और चारपहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट लगाने की अपील की. पुलिस अधीक्षक ने विशेष रूप से स्कूली बच्चों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि बच्चे समाज के सबसे प्रभावशाली संदेशवाहक होते हैं. यदि वे अपने घर जाकर माता-पिता, परिजनों और रिश्तेदारों को नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करें, तो सड़क दुर्घटनाओं में निश्चित रूप से कमी आएगी. उन्होंने कहा कि इस रैली का मूल संदेश यही है कि आपकी जान बहुत कीमती है, इसलिए वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग अवश्य करें. इस जागरूकता रैली में ओरिएंटल पब्लिक स्कूल, जीबीएम स्कूल, बाल मंदिर स्कूल, गर्ल्स हाई स्कूल, खगड़ा मिडिल स्कूल व सरस्वती विद्या मंदिर के छात्र-छात्राओं ने अनुशासित ढंग से भाग लिया. बच्चों के हाथों में सड़क सुरक्षा से संबंधित तख्तियां और नारे लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहे थे. रैली में सरस्वती विद्या मंदिर का जय घोष बैंड विशेष आकर्षण का केंद्र रहा, जिसने पूरे वातावरण को जागरूकता और उत्साह से भर दिया. कार्यक्रम में एडीटीओ सलिल कुमार, डीएसपी ट्रैफिक, एमवीआई रविंद्र कुमार, एमवीआई तरुण कुमार, सर्वेश कुमार सहित कई अन्य अधिकारी मौजूद थे. वहीं इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी के सचिव मिक्की साहा ने कहा कि सोसायटी हमेशा से सड़क सुरक्षा एवं मानव जीवन की रक्षा के लिए ऐसे जन-जागरूकता कार्यक्रमों में सक्रिय रही है और आगे भी भूमिका निभाती रहेगी. रैली के माध्यम से आमजन को यह संदेश दिया गया कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन केवल कानून का विषय नहीं है, बल्कि जीवन की सुरक्षा से जुड़ा विषय है. हेलमेट और सीट बेल्ट जैसे छोटे उपाय अपनाकर अनमोल जीवन को सुरक्षित किया जा सकता है.

विज्ञापन
AWADHESH KUMAR

लेखक के बारे में

By AWADHESH KUMAR

AWADHESH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन