ठाकुरगंज में ईद मिलादुन्नबी की धूम: अकीदत के साथ निकला भव्य जुलूस, मिलाद की रौनक में रंगा शहर

Updated:
विज्ञापन

फोटो- जुलूस में शामिल लोग और अधिकारी | Prabhat Khabar Network

ठाकुरगंज में पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिन के अवसर पर जश्ने ईद मिलादुन्नबी का भव्य जुलूस अकीदत और उत्साह के साथ निकाला गया. जुलूस में शामिल होकर लोगों ने अमन, भाईचारे और जरूरतमंदों की मदद का संदेश दिया.

विज्ञापन

किशनगंज, ठाकुरगंज. पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिन के अवसर पर बुधवार को ठाकुरगंज में जश्ने ईद मिलादुन्नबी का जुलूस अकीदत और उत्साह के साथ निकाला गया. सुबह करीब साढ़े दस बजे नूरी जामा मस्जिद पेट्रोल पंप चौक से जुलूस शुरू हुआ. इससे पहले मस्जिद में नात शरीफ, तकरीर और दुआ का आयोजन किया गया. इसके बाद बड़ी संख्या में अकीदतमंद जुलूस में शामिल हुए.

आपके शहर में

विज्ञापन

मुख्य बाजार से होते हुए ईदगाह पहुंचा जुलूस

जुलूस के दौरान अकीदतमंदों ने पैगंबर मोहम्मद साहब की शान में नारे लगाए. बच्चे, युवा और बुजुर्ग उत्साह के साथ जुलूस में शामिल हुए. लोगों के हाथों में झंडे, सिर पर टोपी और पारंपरिक परिधान नजर आए. जगह-जगह स्थानीय लोगों ने जुलूस का स्वागत किया. जुलूस पेट्रोल पंप चौक से मुख्य बाजार होते हुए कटहलडांगी ईदगाह पहुंचा, जहां दुआ के बाद कार्यक्रम का समापन हुआ.

सुरक्षा को लेकर प्रशासन रहा मुस्तैद

जुलूस को लेकर प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे. ठाकुरगंज एसडीपीओ-2 मनोज कुमार, थानाध्यक्ष अजय कुमार अमन, बीडीओ आशीष कुमार, प्रतिनियुक्त मजिस्ट्रेट और सशस्त्र सीमा बल के जवान पूरे जुलूस के दौरान तैनात रहे. अधिकारियों ने शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में कार्यक्रम संपन्न कराने को लेकर लगातार निगरानी रखी.

कई जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता हुए शामिल

नूरी मस्जिद से निकले जुलूस की निगरानी हाफिज जुल्फिकार कर रहे थे. मौके पर नगर पंचायत अध्यक्ष सिकंदर पटेल, देवकी अग्रवाल, मुस्ताक आलम, गुलशन किशोर यादव, किशन बाबू पासवान, गुलाम हसनैन, पूर्व विधायक नौशाद आलम, समाजसेवी मोहम्मद सोहेल रहमानी, सरपंच संघ प्रखंड अध्यक्ष प्रतिनिधि मोहम्मद जवारुल हक, मुखिया प्रतिनिधि सोहेल उर्फ राजा, मोहम्मद हारुन, हाफिज एजाज, मौलाना अयूब मझहर और हाफिज हाशिम रजा सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे.

पैगंबर मोहम्मद साहब की जिंदगी से इंसानियत की सीख

तकरीर के दौरान वक्ताओं ने पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जन्म और उनके जीवन से जुड़ी शिक्षाओं पर प्रकाश डाला. वक्ताओं ने कहा कि उन्होंने लोगों को अज्ञानता, अन्याय और बुराइयों से दूर रहकर सच्चाई, इंसाफ, दया और इंसानियत के रास्ते पर चलने की शिक्षा दी.

अमन, भाईचारे और जरूरतमंदों की मदद का संदेश

वक्ताओं ने कहा कि पैगंबर मोहम्मद साहब ने गरीबों, अनाथों, जरूरतमंदों और कमजोर लोगों के साथ रहम और भलाई का व्यवहार करने की सीख दी. पड़ोसियों के अधिकारों का सम्मान, आपसी भाईचारा, महिलाओं का सम्मान और समाज में अमन कायम रखने पर जोर दिया गया.

जीवन में पैगंबर की शिक्षाओं को अपनाने की अपील

तकरीर में कहा गया कि जश्ने ईद मिलादुन्नबी का उद्देश्य केवल खुशी का इजहार करना नहीं, बल्कि पैगंबर मोहम्मद साहब के बताए रास्ते को अपने जीवन में अपनाना भी है. लोगों से झूठ, नफरत, अहंकार और बुराई से बचने तथा सच्चाई, मोहब्बत, सद्भाव और जरूरतमंदों की मदद करने की अपील की गई. जुलूस के दौरान पूरे ठाकुरगंज में उत्सव जैसा माहौल रहा और कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन