डोंक नदी में डूबने से दो सगी बहनों की दर्दनाक मौत, दो दिन की तलाश के बाद बरामद हुए शव
फोटो- शव को ले जाती एसडीआरएफ की टीम । | Prabhat Khabar Network
किशनगंज के बेलवा में डोंक नदी में पैर फिसलने से दो सगी बहनों की डूबकर मौत हो गई. एसडीआरएफ की टीम ने दो दिन की अथक तलाश के बाद दोनों बहनों के शव बरामद किए. इस हृदय विदारक घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है.
किशनगंज. बेलवा पंचायत के वार्ड-03 में सोमवार शाम डोंक नदी में पैर फिसलने से दो सगी बहनों की डूबकर मौत हो गई. हादसे के बाद एसडीआरएफ की टीम ने लगातार तलाशी अभियान चलाया. मंगलवार को बड़ी बहन का शव बरामद हुआ, जबकि छोटी बहन का शव बुधवार दोपहर नदी से मिला. दोनों शवों के पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया. घटना के बाद बेलवा गांव में मातम पसरा हुआ है.
आपके शहर में
नदी किनारे गई थीं दोनों बहनें
जानकारी के अनुसार सोमवार शाम करीब साढ़े पांच बजे फतेबुल की 15 वर्षीय बेटी फरहाना और 11 वर्षीय रुही नाज डोंक नदी के किनारे गई थीं. इसी दौरान पैर फिसलने से दोनों गहरे पानी में चली गईं और डूब गईं. शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और नदी में दोनों की तलाश शुरू की, लेकिन देर शाम तक कोई सुराग नहीं मिल सका.
अंधेरा होने के कारण रोकना पड़ा सर्च ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन सक्रिय हुआ. सोमवार शाम एसडीआरएफ की टीम भी बेलवा पहुंची, लेकिन अंधेरा अधिक होने के कारण तत्काल सर्च ऑपरेशन शुरू नहीं किया जा सका. इसके बाद मंगलवार सुबह एसडीआरएफ की टीम ने दो बोट के साथ नदी में तलाशी अभियान शुरू किया.
मंगलवार को मिला बड़ी बहन फरहाना का शव
काफी मशक्कत के बाद मंगलवार को एसडीआरएफ की टीम ने बड़ी बहन फरहाना का शव नदी से बरामद किया. पोस्टमार्टम के बाद उसी दिन परिजनों ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया. इसके बाद छोटी बहन रुही नाज की तलाश जारी रही.
बुधवार को बरामद हुआ रुही नाज का शव
रुही नाज की तलाश में एसडीआरएफ और स्थानीय लोगों का अभियान जारी रहा. आखिरकार बुधवार दोपहर करीब एक बजे उसका शव भी नदी से बरामद कर लिया गया. पोस्टमार्टम के बाद बुधवार को ही परिजनों ने उसका अंतिम संस्कार किया.
दो बेटियों की मौत से परिवार में मचा कोहराम
दोनों सगी बहनों की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर उन्हें सांत्वना दे रहे हैं. पूरे बेलवा गांव में शोक की लहर है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए