शराब के नशे में पति ने पत्नी को पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट, आरोपित गिरफ्तार

Updated:
विज्ञापन

शराब के नशे में पति ने पत्नी को पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट, आरोपित गिरफ्तार

विज्ञापन

घर लौटे बच्चों ने बरामदे में देखा मां का शव; विवाद के समय घर पर नहीं था कोई, पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल

पहाड़कट्टा. पोठिया थाना क्षेत्र के बुधरा पंचायत अंतर्गत हाईस्कूल आदिवासी टोले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां शराब के नशे में धुत एक पति ने अपनी ही पत्नी की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी. मृतका की पहचान 42 वर्षीय ललिता सोरेन के रूप में हुई है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति कुंदन मरांडी को गिरफ्तार कर लिया है. जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर घर में पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हुआ था. उस वक्त बच्चे घर से बाहर थे. शाम को जब बच्चे घर लौटे, तो उन्होंने बरामदे में अपनी मां का शव पड़ा देखा. आरोपित कुंदन मरांडी वहीं खड़ा था. बच्चों व ग्रामीणों द्वारा पूछताछ करने पर वह बहाने बनाने लगा, जिसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत पोठिया पुलिस को सूचना दी. बताया जा रहा है कि कुंदन मरांडी और उसकी पत्नी ललिता सोरेन, दोनों ही देशी चुलाई शराब के आदी थे. शराब के कारण अक्सर दोनों के बीच झगड़ा और मारपीट होती थी. सोमवार को भी दिनभर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसे पड़ोसियों ने रोज की बात समझकर नजरअंदाज कर दिया. इसी विवाद के दौरान नशे में धुत कुंदन ने ललिता को इतना पीटा कि उसकी जान चली गयी. आरोपित कुंदन मरांडी मूल रूप से पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग जिले के खोरीबाड़ी थाना क्षेत्र का रहने वाला है. वह पिछले कुछ वर्षों से पोठिया स्थित अपने ससुराल में रह रहा था और बाद में वहीं जमीन खरीदकर अपना घर बना लिया था. ललिता की मौत के बाद उसकी पुत्री ममता मरांडी (18), पुत्र सन्नी (16) और अनिल (14) का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अंजय अमन, अपर थानाध्यक्ष महेश कुमार यादव और एसआई सुजीत कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल किशनगंज भेज दिया. मंगलवार को मृतका की पुत्री ममता मरांडी के आवेदन पर कांड संख्या 155/26 दर्ज किया गया है.

कहते हैं थानाध्यक्ष

इंस्पेक्टर सह थानाध्यक्ष अंजय अमन ने बताया कि महिला के शरीर पर जख्म के कई निशान मिले हैं, जिससे स्पष्ट होता है कि उसकी मृत्यु पिटाई की वजह से हुई है. मुख्य आरोपी कुंदन मरांडी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.

विज्ञापन
अवधेश कुमार

लेखक के बारे में

By अवधेश कुमार

अवधेश कुमार विगत 25 वर्षों से पत्रकारिता से जुड़े हुए हैं. इन्होंने बतौर पत्रकार अपने कैरियर की शुरूआत वर्ष 2001 से की. उसके बाद विगत 15 वर्षो से प्रभात खबर, किशनगंज के कार्यालय प्रभारी के रूप में कार्यरत हैं. इनकी रूचि राजनीतिक, सामाजिक व अपराध से जुड़ी खबरों में है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन