कार्यालय के बाहरी बरामदे की रंगाई-पुताई दो दिनों में करें पूर्ण: डीएम

जिला पदाधिकारी विशाल राज ने समाहरणालय स्थित स्थापना, सामान्य प्रशाखा व नीलाम प्रशाखा का निरीक्षण किया
– स्थापना, सामान्य व नीलाम प्रशाखा का डीएम ने किया निरीक्षण – अभिलेख संधारण एवं साफ-सफाई पर दिया गया विशेष बल किशनगंज जिला पदाधिकारी विशाल राज ने समाहरणालय स्थित स्थापना, सामान्य प्रशाखा व नीलाम प्रशाखा का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण, कार्यालय व्यवस्था व साफ-सफाई की समीक्षा की गई. स्थापना प्रशाखा के निरीक्षण के क्रम में लॉक बुक, आगत-निर्गत पंजी, रक्षी संचिका का अवलोकन किया गया. साथ ही आयुक्त के पूर्व कार्यालय निरीक्षण से संबंधित मुख्य बिंदुओं पर चर्चा करते हुए उनके अनुपालन की स्थिति की समीक्षा की गई. कार्यालय की साफ-सफाई एवं अभिलेखों के व्यवस्थित रख-रखाव पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया. सामान्य प्रशाखा के निरीक्षण के दौरान लॉक बुक, आगत-निर्गत पंजी एवं कार्यालय की साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया गया तथा संबंधित कर्मियों को अभिलेखों के नियमित संधारण एवं कार्यालय व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने का निर्देश दिया गया. नीलाम प्रशाखा के निरीक्षण में नीलाम पत्र से संबंधित मामलों, रजिस्टर के मिलान, नीलाम से संबंधित अभिलेखों, आगत-निर्गत पंजी सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई. जिला पदाधिकारी द्वारा नीलाम प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं अभिलेखों के अद्यतन संधारण को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी ने बीसीडी के सहायक अभियंता मो जहांगीर अहमद को निर्देशित किया कि नीलाम प्रशाखा में रखे गए अलमीरा को संचिकाओं के सुरक्षित संधारण हेतु शीघ्र ठीक कराया जाए. साथ ही कार्यालय के बाहरी बरामदे की साफ-सफाई सुनिश्चित करते हुए रंगाई-पुताई का कार्य दो दिनों के भीतर पूर्ण कराने का निर्देश दिया गया. जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देशित किया कि कार्यालयीन कार्यों में पारदर्शिता, अभिलेखों का अद्यतन संधारण एवं स्वच्छता को प्राथमिकता देते हुए कार्य में सुधार लाया जाए.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




