बालुरघाट इंटरसिटी एक्सप्रेस का लेट-लतीफी से बढ़ा आक्रोश, नाराज यात्रियों ने दर्ज कराई लिखित शिकायत
दर्ज शिकायत | Prabhat Khabar Network
बालुरघाट इंटरसिटी एक्सप्रेस परिचालन में भारी अनियमितताओं से यात्री आक्रोशित हैं. पिछले चार दिनों से ट्रेन घंटों देरी से चल रही है, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी हो रही है. नाराज यात्रियों ने ठाकुरगंज रेलवे स्टेशन पर शिकायत पुस्तिका में अपनी शिकायत दर्ज कराई है.
सिलिगुड़ी-कटिहार रेलखंड पर चलने वाली बालुरघाट इंटरसिटी एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 15464) के अनिश्चित परिचालन और लगातार हो रही देरी से परेशान यात्रियों का गुस्सा आखिरकार फूट पड़ा. पिछले चार दिनों के रनिंग रिकॉर्ड के अनुसार, इस ट्रेन को रोजाना किसी न किसी अन्य ट्रेन की क्रॉसिंग के लिए ठाकुरगंज या अधिकारी स्टेशन पर घंटों रोका जा रहा है. शुक्रवार को अधिकारी स्टेशन पर करीब 45 मिनट तक ट्रेन रोके जाने से आक्रोशित यात्रियों ने ठाकुरगंज रेलवे स्टेशन पहुंचकर शिकायत पुस्तिका में लिखित विरोध दर्ज कराया.
पिछले 4 दिनों का रनिंग रिकॉर्ड: रोजाना लेट हो रही ट्रेन
यात्रियों द्वारा जुटाए गए आंकड़ों के मुताबिक, ट्रेन के समय-पालन की स्थिति बेहद खराब बनी हुई है:
- 4 अगस्त: ठाकुरगंज स्टेशन पर लगभग 34 मिनट तक रोकी गई.
- 5 अगस्त: ठाकुरगंज स्टेशन पर करीब 27 मिनट तक खड़ी रही.
- 6 अगस्त: अधिकारी स्टेशन पर लगभग 29 मिनट की देरी.
- 7 अगस्त: अधिकारी स्टेशन पर रिकॉर्ड 45 मिनट तक खड़ी रखी गई.
गलत परिचालन योजना का यात्रियों ने लगाया आरोप
शुक्रवार को स्टेशन मास्टर को सौंपी गई लिखित शिकायत में यात्रियों ने रेलवे के ट्रैफिक कंट्रोल पर खराब योजना का आरोप लगाया:
यात्रियों का आरोप: "ट्रेन संख्या 15719 सिलीगुड़ी इंटरसिटी एक्सप्रेस सुबह 8:52 बजे अलुआबाड़ी रोड से रवाना हो चुकी थी. यदि रेलवे कंट्रोलर बेहतर समन्वय बनाते, तो दोनों ट्रेनों की क्रॉसिंग ठाकुरगंज स्टेशन पर सुगमता से कराई जा सकती थी. लेकिन ऐसा न करके बालुरघाट इंटरसिटी को अधिकारी स्टेशन पर 45 मिनट तक खड़ा रखा गया, जिससे आगे के सभी स्टेशनों पर ट्रेन बुरी तरह पिट गई."
दैनिक यात्रियों, छात्रों व वकीलों ने उठाई आवाज
स्थानीय यात्री संतोष झा, सुशांत साह, अधिवक्ता नीरज झा, अधिवक्ता केशव यादव और अधिवक्ता रितेश यादव ने परिचालन व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस अव्यवस्था से नौकरीपेशा लोगों, परीक्षार्थियों, व्यापारियों और गंभीर मरीजों को भारी मानसिक व शारीरिक कष्ट झेलना पड़ रहा है.
यात्रियों ने कटिहार रेल मंडल प्रशासन से मांग की है कि बालुरघाट इंटरसिटी एक्सप्रेस के परिचालन और क्रॉसिंग टाइमिंग की तत्काल समीक्षा की जाए ताकि ट्रेन का समयबद्ध संचालन सुनिश्चित हो सके. वहीं, इस पूरे मामले पर रेलवे प्रशासन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By बच्छराज
बच्छराज प्रिंट माध्यम में 25 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. ठाकुरगंज (किशनगंज) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










