एसडीपीओ के बाद अब इंस्पेक्टर भी निकले अकूत संपत्ति के मालिक
Published by :AWADHESH KUMAR
Published at :14 Apr 2026 10:27 PM (IST)
विज्ञापन

एसडीपीओ के बाद अब इंस्पेक्टर भी निकले अकूत संपत्ति के मालिक
विज्ञापन
ईओयू की जांच में 20 करोड़ से अधिक की संपति का हुआ खुलासा
किशनगंज. बिहार पुलिस की आर्थिक अपराध इकाई ने किशनगंज सदर थाना के पूर्व प्रभारी अभिषेक कुमार रंजन के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति व अवैध धन अर्जन के आरोपों की जांच तेज कर दी है. इसी क्रम में मंगलवार को पटना, सारण स्थित उनके आवास सहित कई ठिकानों पर छापेमारी की गई.जानकारी के अनुसार प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि अभिषेक कुमार ने अपने कार्यकाल के दौरान कथित रूप से इंट्री माफियाओं, बालू माफियाओं, शराब माफियाओं और तस्करी में संलिप्त गिरोहों से गहरी सांठगांठ बना रखी थी. एजेंसी का दावा है कि इन्हीं नेटवर्कों के माध्यम से उन्होंने भारी मात्रा में अवैध कमाई की, जिसकी बदौलत करोड़ों की संपत्ति अर्जित की गई. जांच एजेंसी को मिली जानकारी के मुताबिक, पूर्व थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार रंजन के नाम और उनके करीबी लोगों के नाम पर करीब 20 करोड़ रुपये से अधिक की बेनामी संपत्ति होने की आशंका जताई जा रही है. ईओयू इस बात की भी जांच कर रही है कि आखिर किस आय स्रोत से इतनी बड़ी संपत्ति खड़ी की गई. सूत्रों का दावा है कि अभिषेक कुमार ने पटना में करोड़ों रुपये की लागत से चार मंजिला आलीशान मकान बनवाया है. इसके अलावा पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी दार्जिलिंग रोड में 6 कट्ठा जमीन खरीदने की भी बात सामने आई है, जिसके लिए लगभग 84 लाख रुपये नगद भुगतान किए जाने की जांच की जा रही है. किशनगंज में पदस्थापन के दौरान अभिषेक कुमार ने कथित तौर पर 6 से 7 ट्रक भी खरीदे थे, जिनके निवेश और स्वामित्व के दस्तावेजों की जांच की जा रही है. वहीं यह भी पता लगाया जा रहा है कि अभिषेक कुमार अपने परिवार के साथ मुंबई के प्रसिद्ध पांच सितारा होटल ताज महल पैलेस में एक सप्ताह तक रुके थे और उस दौरान होटल का भारी-भरकम बिल तस्करी माफियाओं ने भरा था. ईओयू अधिकारियों का कहना है कि जांच अभी प्रारंभिक चरण में है और सभी दस्तावेजों, बैंक खातों, संपत्ति कागजात तथा लेन-देन की गहन पड़ताल की जा रही है. यदि आरोप सही पाए गए तो अभिषेक कुमार के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम सहित अन्य धाराओं में बड़ी कार्रवाई की जाएगी. इस पूरे मामले के सामने आने के बाद पुलिस महकमे और प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मचा हुआ है. अब सबकी निगाहें आर्थिक अपराध इकाई की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




