मैट्रिक परीक्षा के प्रथम पाली में 8713 व द्वितीय में 8709 परीक्षार्थी होंगे शामिल

Published by : AWADHESH KUMAR Updated At : 16 Feb 2026 9:22 PM

विज्ञापन

जिला पदाधिकारी विशाल राज व पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में वार्षिक माध्यमिक परीक्षा को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए बैठक की गयी

विज्ञापन

वार्षिक माध्यमिक परीक्षा को कदाचार-मुक्त संपन्न कराने को लेकर हुई बैठक किशनगंज जिला पदाधिकारी विशाल राज व पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में वार्षिक माध्यमिक परीक्षा को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए बैठक की गयी. बैठक में जोनल दण्डाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों व परीक्षा केन्द्राधीक्षकों के साथ संयुक्त ब्रीफिंग की गई. माध्यमिक परीक्षा का आयोजन 17 फरवरी से 25 फरवरी तक दो पालियों होगी. प्रथम पाली पूर्वाह्न 9:30 बजे से अपराह्न 12:45 बजे तक व द्वितीय पाली अपराह्न 2:00 बजे से अपराह्न 5:15 बजे तक निर्धारित है. परीक्षा के लिए जिले में कुल 20 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं. इस परीक्षा में प्रथम पाली में 8713 व द्वितीय पाली में 8709 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे. जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी परीक्षा केन्द्रों की सतत मॉनिटरिंग की जाए तथा प्रत्येक केन्द्र पर सीसीटीवी के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जाए. परीक्षा के दिन परीक्षार्थियों की सघन चेकिंग एवं फ्रिस्किंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया, ताकि बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के नियमानुसार कदाचार-मुक्त एवं शांतिपूर्ण परीक्षा का आयोजन सुनिश्चित हो सके. परीक्षा केन्द्रों पर मोबाइल फोन ले जाने पर पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा. परीक्षा के दौरान परीक्षार्थियों के किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण के साथ परीक्षा केन्द्र में प्रवेश पर पूर्णतः रोक रहेगी. केन्द्राधीक्षक को छोड़कर किसी अन्य प्रतिनियुक्त पदाधिकारी अथवा कर्मी को मोबाइल फोन साथ ले जाने की अनुमति नहीं होगी. परीक्षा केद्रों पर स्टैटिक दण्डाधिकारी, गश्ती दल दण्डाधिकारी, उड़नदस्ता (जोनल दण्डाधिकारी) तथा सुपर जोनल दण्डाधिकारी प्रतिनियुक्त किए गए हैं. जिलास्तरीय नियंत्रण कक्ष टॉल फ्री नंबर – 06456-225152 पर कार्यरत रहेगा. प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं तथा सतत वीडियोग्राफी कराई जाएगी. सभी परीक्षा केन्द्रों पर महिला दण्डाधिकारी एवं महिला पुलिस बल की भी प्रतिनियुक्ति की गई है और परीक्षार्थियों की गहन तलाशी सुनिश्चित की जाएगी. प्रत्येक परीक्षा केन्द्र के 200 मीटर की परिधि में बीएनएसएस की धारा 163 के अंतर्गत निषेधाज्ञा लागू की गई है. परीक्षा केन्द्र के भीतरी एवं बाहरी परिसर पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं. जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा निर्धारित सभी प्रावधानों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी स्तर पर शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी. पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा अवधि के दौरान सख्त सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश देते हुए कहा कि असामाजिक तत्वों, अफवाह फैलाने वालों एवं कदाचार में संलिप्त व्यक्तियों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी तथा किसी भी अवांछनीय गतिविधि पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी. सभी पुलिस पदाधिकारियों को विशेष रूप से सचेत रहने का निर्देश दिया गया. किशनगंज शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु एवं सुदृढ़ बनाए रखने हेतु यातायात पुलिस उपाधीक्षक को आवश्यक निर्देश दिए गए. ब्रीफिंग में एडीएम अमरेन्द्र कुमार पंकज, जिला पंचायत राज पदाधिकारी जफर आलम, विशेष कार्य पदाधिकारी चंदन कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी अनिकेत कुमार, अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे.

विज्ञापन
AWADHESH KUMAR

लेखक के बारे में

By AWADHESH KUMAR

AWADHESH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन