खगड़िया में विश्वकर्मा पूजा से पहले बाजारों में उमड़ी भीड़, वाहनों की धुलाई के लिए लगी लंबी कतार

Updated:
विज्ञापन

फोटो- पीडब्लू रोड के दुकान में सजी वाहन सजावट की सामग्री. | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

विश्वकर्मा पूजा के मद्देनजर खगड़िया के बाजारों में ज़बरदस्त उत्साह देखा गया. पूजा सामग्री, प्रतिमाओं और सजावटी सामान की खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी, वहीं वाहनों की धुलाई के लिए भी लंबी कतारें लगी रहीं.

विज्ञापन

खगड़िया. देव शिल्पी भगवान विश्वकर्मा की पूजा को लेकर खगड़िया में बुधवार को दिनभर बाजार गुलजार रहे. गुरुवार को होने वाली विश्वकर्मा पूजा की तैयारियों को लेकर जिला मुख्यालय से लेकर प्रखंड और ग्रामीण क्षेत्रों तक उत्साह का माहौल देखने को मिला. पूजा सामग्री और सजावटी सामान की खरीदारी के लिए शहर के प्रमुख बाजारों में लोगों की भीड़ उमड़ी. एमजी मार्ग, कोशी कॉलेज रोड, बलुआही रोड, एनएसी रोड और राजेंद्र चौक समेत अन्य इलाकों में देर शाम तक चहल-पहल बनी रही.

विज्ञापन

जिले के विभिन्न प्रखंडों और ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग जिला मुख्यालय के मुख्य बाजार पहुंचे. लोगों ने भगवान विश्वकर्मा की पूजा के लिए फूल-माला, प्रसाद, वस्त्र, तस्वीर, सजावटी सामान और अन्य पूजा सामग्री की खरीदारी की. बाजार में अचानक बढ़ी भीड़ का असर यातायात पर भी दिखा. कई जगहों पर सड़क पर जाम की स्थिति बनी, जिसे हटाने के लिए ट्रैफिक पुलिस को मशक्कत करनी पड़ी.

पूजा सामग्री और मिठाई दुकानों पर सबसे अधिक भीड़

विश्वकर्मा पूजा को लेकर पूजा सामग्री और मिठाई की दुकानों पर विशेष भीड़ देखने को मिली. दुकानदारों ने पूजा को ध्यान में रखते हुए फूल-माला, प्रसाद, वस्त्र, भगवान विश्वकर्मा की तस्वीर और अन्य आवश्यक सामग्री का स्टॉक तैयार रखा था. ग्राहक अपनी जरूरत के अनुसार पूजा सामग्री खरीदते नजर आये.

वहीं, प्रतिमाओं की खरीदारी को लेकर भी लोगों में उत्साह रहा. शहर और आसपास के इलाकों में भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमाएं तैयार करने में मूर्तिकार अंतिम रूप देने में जुटे रहे. प्रतिमा लेने के लिए कई स्थानों पर लोगों की आवाजाही बनी रही.

आकर्षक प्रतिमाओं से सजेंगे पूजा स्थल

विश्वकर्मा पूजा को खास बनाने के लिए शहर और आसपास के क्षेत्रों में जगह-जगह पूजा स्थलों को सजाया जा रहा है. स्टेशन रोड, बलुआही और मानसी से लेकर अलौली क्षेत्र तक कई स्थानों पर पूजा की तैयारी पूरी कर ली गयी है. तकनीकी संस्थानों, मोटर गैरेज, वाहन एजेंसियों, दुकानों, कारखानों और विभिन्न सरकारी कार्यालयों में भी पूजा की तैयारियां चलती रहीं.

कई पूजा स्थलों पर आकर्षक सजावट की जा रही है. वाहन और कामकाज में इस्तेमाल होने वाले औजारों की साफ-सफाई के बाद उन्हें झालरों और दूसरे सजावटी सामान से सजाया जा रहा है. बाजार में वाहनों को सजाने के लिए रंग-बिरंगी झालरों और अन्य सामग्री की बिक्री में भी तेजी देखी गयी.

भगवान विश्वकर्मा की तस्वीर और माला की भी बढ़ी मांग

पूजा को लेकर भगवान विश्वकर्मा की तस्वीर, माला और वस्त्र खरीदने वालों की संख्या भी बढ़ी रही. छोटे दुकानदारों से लेकर बड़े प्रतिष्ठानों तक पूजा की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गयी हैं. कई जगहों पर पूजा पंडाल और पूजा स्थल को आकर्षक रूप देने का काम देर शाम तक जारी रहा.

विश्वकर्मा पूजा के दौरान तकनीकी कार्यों से जुड़े संस्थानों, मोटर गैरेज, वाहन एजेंसियों, कारखानों और अन्य प्रतिष्ठानों में मशीन, औजार और वाहनों की पूजा की जाती है. इसी वजह से पूजा से पहले इनसे जुड़े सामानों की साफ-सफाई और सजावट पर विशेष ध्यान दिया गया.

वाशिंग दुकानों पर वाहनों की लंबी कतार, पूजा से पहले करायी धुलाई

विश्वकर्मा पूजा को लेकर वाहन चालकों में भी खासा उत्साह दिखा. बलुआही, लक्ष्मी सिनेमा रोड, बखरी बस स्टेशन, कुतुबपुर और सोनमंको रोड स्थित वाशिंग दुकानों पर वाहनों की लंबी कतार देखने को मिली. बड़े वाहनों और चार पहिया वाहनों के साथ बड़ी संख्या में मोटरसाइकिल चालक भी अपने वाहन लेकर वाशिंग पिट पहुंचे.

वाहन चालकों ने पूजा से पहले अपने वाहनों की धुलाई कराकर उन्हें साफ-सुथरा किया. कई लोगों ने वाहनों की सफाई के साथ उनकी सजावट के लिए झालर और अन्य सामान भी खरीदे. पूजा से पहले वाहनों की बढ़ी संख्या के कारण वाशिंग दुकानों पर सामान्य दिनों की तुलना में अधिक भीड़ रही.

देर शाम तक बाजारों में बनी रही चहल-पहल

विश्वकर्मा पूजा से एक दिन पहले खगड़िया के बाजारों में खरीदारी का सिलसिला देर शाम तक जारी रहा. पूजा सामग्री, मिठाई, फूल-माला, प्रतिमा और सजावटी सामान की दुकानों पर लोगों की आवाजाही बनी रही. वहीं, वाहनों की धुलाई और सजावट को लेकर भी लोगों में उत्साह नजर आया. गुरुवार को जिलेभर में विभिन्न पूजा स्थलों पर भगवान विश्वकर्मा की विधिवत पूजा-अर्चना के बाद प्रसाद वितरण किया जाएगा.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन