सड़क हादसे में घायल निजी शिक्षक की 14 दिन बाद मौत, बाइक चालक पर कार्रवाई की मांग
फोटो - मृतक की फाईल फोटो। | Prabhat Khabar Network
बेलदौर के माली गांव में 31 अगस्त को हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल शिक्षक धर्मेंद्र कुमार की रविवार रात इलाज के दौरान मौत हो गई. हादसे के 14 दिन बाद हुई मौत से परिजनों में कोहराम मचा है. पत्नी ने बाइक चालक के खिलाफ थाने में आवेदन दिया है.
खगड़िया, बेलदौर. थाना क्षेत्र के माली गांव के समीप एनएच-107 पर 31 अगस्त को हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल निजी शिक्षक धर्मेंद्र कुमार की इलाज के दौरान रविवार की देर रात मौत हो गयी. हादसे के 14 दिन बाद मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. मृतक माली गांव के निवासी थे.
पत्नी ने थाने में दिया आवेदन
मामले को लेकर मृतक की पत्नी रूणा देवी ने सोमवार को बेलदौर थानाध्यक्ष को लिखित आवेदन देकर हादसे में शामिल बाइक चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. आवेदन के अनुसार, 31 अगस्त को धर्मेंद्र कुमार बाइक से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान माली गांव में मिथिलेश यादव के घर के समीप सामने से आ रही बाइक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी.
आवेदन में बताया गया है कि दूसरी बाइक पिरनगरा गांव निवासी बुची यादव के करीब 20 वर्षीय पुत्र चंचल कुमार चला रहा था.
टक्कर के बाद सड़क पर दूर जा गिरे धर्मेंद्र
आवेदन के अनुसार, दोनों बाइकों के बीच टक्कर इतनी जोरदार थी कि धर्मेंद्र कुमार बाइक से दूर सड़क पर जा गिरे. हादसे में दोनों बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गयीं. आरोप है कि घटना के बाद चंचल कुमार अपनी बाइक मौके पर छोड़कर फरार हो गया.
शोर सुनकर मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल धर्मेंद्र कुमार को इलाज के लिए सोनवर्षा राज स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रेफर कर दिया.
सहरसा के बाद बेगूसराय में चल रहा था इलाज
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से रेफर किए जाने के बाद धर्मेंद्र कुमार को लार्ड बुद्धा मेडिकल कॉलेज अस्पताल, बैजनाथ, सहरसा में भर्ती कराया गया. हालत में सुधार नहीं होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए बेगूसराय स्थित क्रेस्ट हॉस्पिटल ले जाया गया.
वहां रविवार की देर रात इलाज के दौरान धर्मेंद्र कुमार की मौत हो गयी. मौत की सूचना मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया.
पुलिस ने कार्रवाई का दिया भरोसा
बेलदौर थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने आवेदन मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई में जुटी है. पुलिस हादसे से जुड़े तथ्यों और आवेदन में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है.
गांव में पसरा मातम
धर्मेंद्र कुमार की मौत की खबर के बाद माली गांव में शोक का माहौल है. परिजनों और ग्रामीणों के बीच घटना को लेकर दुख और आक्रोश का माहौल बना हुआ है. मृतक के परिवार ने हादसे के लिए जिम्मेदार बाइक चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए