एसबीआई गोगरी शाखा में धूमधाम से मनाया गया 71वां स्थापना दिवस
SBI Gogri Foundation Day: खगड़िया के गोगरी स्थित भारतीय स्टेट बैंक शाखा में 71वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया. शाखा प्रबंधक ने ग्राहकों को बेहतर सेवाएं देने का संकल्प दोहराया और डिजिटल बैंकिंग की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला.
गोगरी (खगड़िया) से रणवीर झा की रिपोर्ट:
SBI Gogri Foundation Day: भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की गोगरी जमालपुर शाखा में बुधवार को 71वां स्थापना दिवस उत्साह और गरिमापूर्ण माहौल में मनाया गया. इस अवसर पर शाखा परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया तथा केक काटकर स्थापना दिवस का शुभारंभ किया गया. कार्यक्रम में बैंक अधिकारियों, कर्मचारियों एवं ग्राहकों ने भाग लिया.
केक काटकर मनाया स्थापना दिवस
कार्यक्रम की अध्यक्षता शाखा प्रबंधक दिग्विजय विशाल ने की. उन्होंने केक काटकर स्थापना दिवस का शुभारंभ किया और सभी बैंक कर्मियों को शुभकामनाएं दीं. इस दौरान उन्होंने बैंक के संकल्प पत्र का वाचन कर कर्मचारियों को बेहतर बैंकिंग सेवाएं प्रदान करने की शपथ भी दिलाई.
राष्ट्र निर्माण में एसबीआई की भूमिका पर डाला प्रकाश
शाखा प्रबंधक दिग्विजय विशाल ने कहा कि भारतीय स्टेट बैंक अपनी समृद्ध परंपरा, विश्वसनीयता और जनसेवा के लिए देशभर में अलग पहचान रखता है. उन्होंने कहा कि बैंक राष्ट्र निर्माण के साथ-साथ विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है.
उन्होंने बताया कि भारतीय स्टेट बैंक की स्थापना 1 जुलाई 1955 को हुई थी. इससे पहले बैंक ऑफ कलकत्ता, जिसे बाद में बैंक ऑफ बंगाल के नाम से जाना गया, तथा बैंक ऑफ बॉम्बे और बैंक ऑफ मद्रास को मिलाकर इम्पीरियल बैंक ऑफ इंडिया का गठन किया गया था. बाद में इसी का स्वरूप भारतीय स्टेट बैंक के रूप में विकसित हुआ.
50 करोड़ से अधिक ग्राहकों को दे रहा बैंकिंग सेवाएं
शाखा प्रबंधक ने बताया कि वर्तमान में भारतीय स्टेट बैंक देशभर में 22,500 से अधिक शाखाओं, 63,580 एटीएम और लगभग 82,900 ग्राहक सेवा केंद्रों के माध्यम से 50 करोड़ से अधिक ग्राहकों को बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध करा रहा है.
डिजिटल बैंकिंग और ऋण योजनाओं पर दिया जोर
उन्होंने कहा कि एसबीआई गोगरी जमालपुर शाखा अपने ग्राहकों को सरल, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है. बैंक हाउस लोन, पर्सनल लोन, एजुकेशन लोन और एग्रीकल्चर लोन जैसी योजनाओं में त्वरित सेवा देने का प्रयास कर रहा है.
उन्होंने यह भी कहा कि डिजिटल बैंकिंग के क्षेत्र में एसबीआई ने उल्लेखनीय प्रगति की है. अब ग्रामीण क्षेत्रों के लोग भी मोबाइल बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग और यूपीआई जैसी सुविधाओं का व्यापक रूप से उपयोग कर रहे हैं.
ग्राहकों और कर्मचारियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम के दौरान बैंक की सामाजिक जिम्मेदारियों, डिजिटल बैंकिंग सेवाओं और ग्राहक सुविधा से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई. इस अवसर पर शाखा प्रबंधक दिग्विजय विशाल सहित बैंक के सभी कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्राहक उपस्थित रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Shruti Kumari
श्रुति कुमारी एक पत्रकार और डिजिटल कंटेंट राइटर हैं। उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से अंग्रेजी पत्रकारिता में स्नातकोत्तर डिप्लोमा प्राप्त किया है। वर्तमान में वे प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें विभिन्न प्लाटफॉर्म्स पर डिजिटल पत्रकारिता और कंटेंट राइटिंग का लगभग दो वर्षों का अनुभव है। सामाजिक मुद्दों, महिला सशक्तिकरण, राजनीति, शिक्षा और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लिखना उनकी विशेष रुचि का क्षेत्र है। इसके अलावा वे डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए स्क्रिप्ट राइटिंग करती हैं तथा हिंदी कविता और अंगिका भाषा में लेखन का भी शौक रखती हैं। प्रकृति से उनका विशेष लगाव है और वे मानती हैं कि संवेदनशील, तथ्यपरक और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता समाज में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बन सकती है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










