भूतपूर्व सैनिक की पत्नी ने किया ध्वजारोहण, गोगरी की ग्राम कचहरी में गूंजा देशभक्ति का संदेश
झंडोत्तोलन करते वरिष्ठ महिला शकुंतला देवी | Prabhat Khabar Network
खगड़िया के रामपुर ग्राम कचहरी में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भूतपूर्व सैनिक की पत्नी शकुंतला देवी ने तिरंगा फहराकर शहीदों को नमन किया।
खगड़िया : 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को गोगरी प्रखंड की रामपुर ग्राम कचहरी में विशेष पहल देखने को मिली. पंचों के निर्णय के तहत गांव के वरिष्ठ भूतपूर्व सैनिक स्व. सुरेश कुमार साह की 60 वर्षीय पत्नी शकुंतला देवी ने ग्राम कचहरी परिसर में ध्वजारोहण किया. इस दौरान लोगों ने राष्ट्रध्वज को सलामी दी और देश के वीर सपूतों को याद किया.
वहीं सरपंच नूर आलम ने फतेहपुर स्थित पंचायत भवन में ध्वजारोहण किया. इस अवसर पर उन्होंने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए स्वतंत्रता संग्राम में बलिदान देने वाले महापुरुषों के जीवन और उनके योगदान पर प्रकाश डाला. उन्होंने लोगों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व की जानकारी दी.
वीर सैनिकों के परिवारों को सम्मान देने की पहल
सरपंच नूर आलम ने कहा कि उनका शुरू से ही संकल्प रहा है कि जब किसान का बेटा देश की रक्षा के लिए अपना बलिदान दे सकता है, तो उनके परिवार और किसानों को सम्मान क्यों नहीं दिया जा सकता. इसी सोच के तहत स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हर जाति और वर्ग के वयोवृद्ध नागरिकों को ध्वजारोहण का अवसर दिया जा रहा है.
उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य समाज के बुजुर्गों, किसानों और देश की सेवा करने वाले सैनिकों के परिवारों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करना है. कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रभक्ति और सामाजिक एकता का माहौल बना रहा.
मौके पर न्याय मित्र प्रेमलता कुमारी, सचिव सोनी प्रियंका, शिक्षक मोजाहिदुल रहमान, रवि कुमार, मुकेश कुमार साह, नेहाल उद्दीन, सिकंदर चौधरी, मदन जायसवाल, निरंजन पंडित, दीपनारायण ठाकुर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By रणवीर कुमार
रणवीर कुमार प्रिंट माध्यम में 13 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. गोगरी (खगड़िया) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










