9 वर्षीय बालक की मौत के बाद चौथम सीएचसी में हंगामा, डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप
Chautham CHC Boy Death: खगड़िया के चौथम सीएचसी में 9 वर्षीय बालक की मौत के बाद परिजनों ने डॉक्टर पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया. पुलिस ने स्थिति नियंत्रित कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
खगड़िया/चौथम से धीरज सिंह (बंटू) की रिपोर्ट:
Chautham CHC Boy Death: चौथम थाना क्षेत्र के तेलौछ पंचायत स्थित फर्रेह गांव निवासी स्वर्गीय पवन सिंह के 9 वर्षीय पुत्र अंशुमन कुमार की मौत के बाद बुधवार को परिजनों ने चौथम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में जमकर हंगामा किया. परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए संबंधित चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.
डॉक्टर पर इलाज में लापरवाही का आरोप
मृतक की मां सरोजनी देवी ने आरोप लगाया कि कुत्ता काटने के बाद उनके पुत्र को इलाज के लिए चौथम सीएचसी लाया गया था, लेकिन यहां सही उपचार नहीं मिलने के कारण उसकी मौत हो गई. उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की.
पुलिस ने संभाली स्थिति
हंगामे की सूचना मिलते ही चौथम थाना के एसआई संतोष कुमार एवं पूजा कुमारी पुलिस बल के साथ सीएचसी पहुंचे. पुलिस ने आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों को समझाकर स्थिति को शांत कराया. इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, खगड़िया भेज दिया गया.
जनप्रतिनिधियों ने की निष्पक्ष जांच की मांग
घटना की जानकारी मिलते ही जिला परिषद सदस्य प्रवीण कुमार, मुखिया प्रतिनिधि बिकाश कुमार, नवीन कुमार तथा रंजन टाइगर मौके पर पहुंचे. सभी ने शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी और प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी स्थिति स्पष्ट
पुलिस ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है. चिकित्सकों पर लगाए गए आरोपों की फिलहाल आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Shruti Kumari
श्रुति कुमारी एक पत्रकार और डिजिटल कंटेंट राइटर हैं। उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से अंग्रेजी पत्रकारिता में स्नातकोत्तर डिप्लोमा प्राप्त किया है। वर्तमान में वे प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें विभिन्न प्लाटफॉर्म्स पर डिजिटल पत्रकारिता और कंटेंट राइटिंग का लगभग दो वर्षों का अनुभव है। सामाजिक मुद्दों, महिला सशक्तिकरण, राजनीति, शिक्षा और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लिखना उनकी विशेष रुचि का क्षेत्र है। इसके अलावा वे डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए स्क्रिप्ट राइटिंग करती हैं तथा हिंदी कविता और अंगिका भाषा में लेखन का भी शौक रखती हैं। प्रकृति से उनका विशेष लगाव है और वे मानती हैं कि संवेदनशील, तथ्यपरक और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता समाज में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बन सकती है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










