निर्माणाधीन गंगा मंदिर में शरारती तत्वों ने पहुंचाया नुकसान, दानपेटी का ताला तोड़ा, पुलिस जांच में जुटी

क्षतिग्रस्त प्रतिमा | Prabhat Khabar Network
Khagaria News : खगड़िया में निर्माणाधीन गंगा मंदिर में तोड़फोड़ और दानपेटी का ताला तोड़ने की घटना सामने आई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. यह घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है.
Khagaria News : परबत्ता प्रखंड के अगुवानी स्थित निर्माणाधीन गंगा मंदिर में अज्ञात शरारती तत्वों द्वारा नुकसान पहुंचाने की घटना सामने आने से इलाके में चर्चा का माहौल है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मंदिर परिसर में स्थापित प्रतिमा को क्षति पहुंचाने का प्रयास किया गया. साथ ही दानपेटी का ताला तोड़कर उस पर दूसरा ताला लगा दिया गया. मंदिर के निर्माणाधीन ढांचे को भी नुकसान पहुंचाने की कोशिश किए जाने की बात सामने आई है.
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. सर्किल इंस्पेक्टर सुरेंद्र कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया. उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला शरारती तत्वों की करतूत प्रतीत होता है. हालांकि जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा. मंदिर समिति से आवेदन मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.
दानपेटी में कितनी राशि थी, जांच के बाद होगा खुलासा
दानपेटी का ताला तोड़े जाने की घटना के बाद उसमें रखी राशि को लेकर भी चर्चा है. हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि दानपेटी में कितनी राशि थी और किसी प्रकार की चोरी हुई है या नहीं, इसका आकलन जांच पूरी होने के बाद ही किया जा सकेगा. पुलिस आसपास के साक्ष्यों और अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है.
निजी खर्च से बन रहा है भव्य गंगा मंदिर
बताया जा रहा है कि अगुवानी का गंगा मंदिर अभी निर्माणाधीन है. स्थानीय निवासी सदानंद सिंह अपने निजी खर्च से इस मंदिर का निर्माण करा रहे हैं. मंदिर को भव्य स्वरूप देने के लिए कोलकाता के अनुभवी आर्किटेक्ट और कारीगरों की सेवाएं ली जा रही हैं तथा निर्माण कार्य युद्धस्तर पर जारी है. घटना पर सदानंद सिंह ने गहरी नाराजगी जताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
विधायक ने की कड़ी कार्रवाई की मांग
स्थानीय विधायक बाबूलाल सौर्य ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि धार्मिक आस्था से जुड़े स्थल पर इस तरह की हरकत किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जा सकती. उन्होंने दोषियों की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह और हुए नुकसान की स्पष्ट जानकारी सामने आएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By पलटू झा
पलटू झा प्रिंट माध्यम में 11 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. परबत्ता (खगड़िया) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










