विधायक मुरारी पासवान ने सदर अस्पताल का किया निरीक्षण, डॉक्टरों की कमी का मुद्दा विधानसभा में उठाने का भरोसा

Updated:
विज्ञापन

फोटो- जांच करते विधायक। | Prabhat Khabar Network

बिहार विधानसभा शून्यकाल समिति के सदस्य मुरारी पासवान ने कटिहार सदर अस्पताल का निरीक्षण किया. उन्होंने ब्लड बैंक, इमरजेंसी वार्ड और अन्य विभागों का जायजा लेते हुए मरीजों को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली. विधायक ने चिकित्सकों की कमी को एक बड़ी समस्या बताया है.

विज्ञापन

Katihar Sadar Hospital Inspection: कटिहार. बिहार विधानसभा शून्यकाल समिति के सदस्य सह पीरपैंती विधायक मुरारी पासवान बुधवार को कटिहार सदर अस्पताल पहुंचे. अस्पताल उपाधीक्षक शंभू चौधरी, अस्पताल प्रबंधक चंदन कुमार सहित चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की मौजूदगी में उन्होंने अस्पताल के विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया. इस दौरान मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं, संसाधनों और इलाज की व्यवस्था की जानकारी ली.

ब्लड बैंक और विभिन्न वार्डों का किया निरीक्षण

विधायक मुरारी पासवान ने सदर अस्पताल के ब्लड बैंक, इमरजेंसी वार्ड, मातृ-शिशु अस्पताल तथा शिशु वार्ड का निरीक्षण किया. उन्होंने संबंधित चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों से मरीजों की संख्या, उपलब्ध संसाधनों और उपचार व्यवस्था के बारे में जानकारी ली. कुछ स्थानों पर व्यवस्था संतोषजनक मिलने पर उन्होंने संतुष्टि जताई, जबकि जहां कमियां सामने आईं, वहां आवश्यक सुधार करने का निर्देश दिया.

चिकित्सकों की कमी का मुद्दा उठा

निरीक्षण के दौरान सदर अस्पताल में चिकित्सकों की कमी का मामला प्रमुखता से सामने आया. विधायक ने मानसिक रोग और नेत्र चिकित्सकों की कमी को गंभीर समस्या बताया. उन्होंने कहा कि विशेषज्ञ चिकित्सकों के अभाव में मरीजों को इलाज के लिए दूसरे स्थानों का रुख करना पड़ता है.

उन्होंने कहा कि सदर अस्पताल में पर्याप्त संख्या में चिकित्सकों की उपलब्धता जरूरी है, ताकि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा स्थानीय स्तर पर ही मिल सके.

विधानसभा में समस्याएं उठाने का दिया भरोसा

विधायक मुरारी पासवान ने कहा कि बिहार विधानसभा का शून्यकाल चल रहा है और इसी क्रम में समिति कटिहार पहुंची है. विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक करने और महत्वपूर्ण संस्थानों का निरीक्षण करने का उद्देश्य जमीनी स्तर पर व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति की जानकारी लेना है.

उन्होंने कहा कि अस्पताल, जेल समेत अन्य संस्थानों की समस्याओं को विधानसभा के माध्यम से सरकार के समक्ष उठाकर समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा. उन्होंने माना कि सदर अस्पताल में कई व्यवस्थाएं बेहतर हैं, लेकिन चिकित्सकों की कमी को दूर करना जरूरी है.

सर्किट हाउस में विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक

शून्यकाल समिति ने बुधवार पूर्वाह्न 11 बजे कटिहार सर्किट हाउस में विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी की. बैठक में विधानसभा में उठाए गए मामलों पर अब तक हुई कार्रवाई और विभागीय योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली गई.समिति ने स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, पुल-पुलिया, बिजली, पेयजल और ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट भी मांगी. अधिकारियों से लंबित योजनाओं को निर्धारित समय सीमा में पूरा कराने और सरकारी सुविधाओं में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया गया.

कागजों से निकलकर योजनाओं की जमीनी स्थिति देख रही समिति

समिति के सदस्य सह सुलतानगंज जदयू विधायक ललित कुमार मंडल और विधायक मुरारी पासवान ने कहा कि समिति का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित कराना है. कई बार योजनाएं कागजों तक सीमित रह जाती हैं, इसलिए समिति फील्ड में जाकर उनकी वास्तविक स्थिति की जांच कर रही है.

तिरंगा यात्रा में भी शामिल हुई समिति

Katihar Sadar Hospital Inspection: कटिहार आगमन के दौरान शून्यकाल समिति के सदस्यों ने हर घर तिरंगा अभियान के तहत निकाली गई तिरंगा यात्रा में भी हिस्सा लिया. यात्रा में विधायकों, प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षकों और स्कूली बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया.

ये भी पढ़ें: कटिहार जंक्शन पर 132 किलोवाट सौर संयंत्र शुरू, लोकोमोटिव पार्क और गोल्फ मार्ग का भी उद्घाटन


विज्ञापन
राणा प्रताप सिंह

लेखक के बारे में

By राणा प्रताप सिंह

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन