दहेज में तीन लाख और बाइक नहीं मिली तो, गर्म पानी डालने और हत्या के प्रयास का आरोप

दहेज प्रताड़ना की शिकायत लेकर थाना पहुंची पीड़िता अपने परिजनों के साथ.
सुधानी थाना क्षेत्र में एक विवाहिता ने दहेज की मांग को लेकर पति और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं. आरोप है कि मांग पूरी न होने पर उस पर गर्म पानी डाला गया और जान से मारने की कोशिश की गई.
कटिहार : सुधानी थाना क्षेत्र के पोमरा गांव की रहने वाली एक विवाहिता ने अपने पति और ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों पर दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करने, मारपीट करने और जान से मारने की कोशिश करने का आरोप लगाया है. पीड़िता मंगलवार को अपने परिजनों के साथ थाना पहुंची और लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई.
पीड़िता आदोरी घोष ने आवेदन में बताया कि करीब तीन वर्ष पूर्व उसकी शादी हिंदू रीति-रिवाज से पोमरा निवासी राखाल यादव के साथ हुई थी. शादी के कुछ समय बाद से ही पति और ससुराल पक्ष के लोग दहेज में तीन लाख रुपये नकद और एक अपाचे बाइक की मांग करने लगे. मांग पूरी नहीं होने पर उसे लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता रहा. कई बार मायके पक्ष ने समझौते का प्रयास किया, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ.
गर्म पानी डालने और गला दबाने का आरोप
पीड़िता के अनुसार, मंगलवार सुबह वह घर में खाना बनाने की तैयारी कर रही थी. इसी दौरान पति ने गाली-गलौज करते हुए लाठी से हमला कर दिया. आरोप है कि इसके बाद ससुराल पक्ष के अन्य लोगों ने उसके ऊपर गर्म पानी डाल दिया और गला दबाकर हत्या करने का प्रयास किया. शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने बीच-बचाव किया, जिससे उसकी जान बच सकी.
पुलिस ने शुरू की जांच
पीड़िता ने पति सहित ससुराल पक्ष के चार लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है. पुलिस ने आवेदन मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच की जा रही है. जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
और पढ़ें : दिल्ली में बड़ी आतंकी हमले की थी साजिश, चार लाख रुपये की मिलने वाली थी फंडिंग
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By अरविंद गुप्ता
अरविंद गुप्ता को पत्रकारिता में 14 वर्षों का अनुभव. पत्रकारिता के क्षेत्र में वर्ष 2012 से लगातार कार्य कार्यरत हैं. वर्तमान में कटिहार जिले के बारसोई से समाचार संकलन का कार्य कर रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










