गंगा-कोसी के बढ़ते जलस्तर को लेकर डीएम ने किया तटबंधों का निरीक्षण, बाढ़ से निबटने की तैयारी पूरी करने का निर्देश
फोटो- तटबंध का निरीक्षण करते डीएम व अन्य अधिकारी | Prabhat Khabar Network
लगातार हो रही बारिश से गंगा और कोसी नदी उफान पर हैं। जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। आम लोगों से भी सावधानी बरतने की अपील की गई है।
कुरसेला (कटिहार). जिले में लगातार हो रही बारिश और गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने शुक्रवार को बाढ़ प्रभावित एवं संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण किया. डीएम ने कुरसेला प्रखंड की जरलाही पंचायत के गुमटी टोला और 12 नंबर स्पर का जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने तटबंधों, सड़कों, संपर्क मार्गों और आवागमन की स्थिति की जानकारी ली तथा अधिकारियों को लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया.
आपके शहर में
गुमटी टोला और 12 नंबर स्पर का लिया जायजा
डीएम के साथ अपर समाहर्ता, अपर समाहर्ता आपदा, अनुमंडल पदाधिकारी कटिहार सदर सहित प्रखंड और अंचल स्तर के अधिकारी मौजूद रहे. अधिकारियों ने नदी के बढ़ते जलस्तर और आसपास के जल प्रभावित गांवों की स्थिति का जायजा लिया. डीएम ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुरक्षात्मक कदम उठाने के निर्देश दिये.
सीओ को सतर्क रहने और एसओपी के तहत कार्रवाई का निर्देश
डीएम आशुतोष द्विवेदी ने अंचल अधिकारी को पूरी तरह सतर्क रहने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होने पर आपदा विभाग की मानक संचालन प्रक्रिया के तहत सभी आवश्यक कार्य किये जाएं. इसके लिए सभी तैयारियां अविलंब पूरी करने का निर्देश दिया गया.
गंगा और कोसी के जलस्तर पर लगातार नजर
डीएम ने बताया कि गंगा और कोसी के जलस्तर की लगातार निगरानी की जा रही है. जल प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यकता के अनुसार त्वरित सुरक्षात्मक और राहत कार्य शुरू किये जायेंगे. उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में स्थानीय स्तर पर लगातार निगरानी रखने को कहा.
क्षतिग्रस्त सड़कों की शीघ्र मरम्मत का निर्देश
बाढ़ या जलजमाव के कारण क्षतिग्रस्त सड़कों और संपर्क मार्गों की शीघ्र मरम्मत सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. जहां आवश्यक हो, वहां वैकल्पिक आवागमन की व्यवस्था और सुरक्षा के उपाय करने को कहा गया, ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी न हो.
प्रभावित क्षेत्रों में मेडिकल टीम और दवाओं की व्यवस्था
डीएम ने स्वास्थ्य विभाग को प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यकतानुसार मेडिकल टीम भेजने और जरूरी दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. जलजनित बीमारियों से बचाव के लिए लोगों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सलाह उपलब्ध कराने को भी कहा गया.
आपात स्थिति में विभागों के बीच बेहतर समन्वय
डीएम ने सभी संबंधित विभागों को आपात स्थिति में बेहतर समन्वय के साथ काम करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत, बचाव, स्वास्थ्य, सड़क और सुरक्षा से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर संचालित किया जाये.
तेज बहाव वाले पानी में नहीं जाने की अपील
डीएम आशुतोष द्विवेदी ने आम लोगों से अपील की कि भारी बारिश और नदियों के जलस्तर में वृद्धि को देखते हुए जलजमाव वाले क्षेत्रों, नदी-नालों और तेज बहाव वाले पानी में अनावश्यक रूप से प्रवेश न करें. उन्होंने प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल स्थानीय प्रशासन या नियंत्रण कक्ष को सूचना देने की अपील की.
आम लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
डीएम ने कहा कि जिला प्रशासन की स्थिति पर पैनी नजर है. आम लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और आवश्यकता के अनुसार सभी जरूरी कदम उठाये जा रहे हैं. अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि संवेदनशील क्षेत्रों में किसी भी स्थिति से निबटने के लिए तैयार रहें.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए