एनएच- 31 पर ट्रक-ट्रैक्टर के बीच आमने-सामने की टक्कर

Updated:
विज्ञापन
WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

पुलिस ने घटनास्थल से दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को लिया कब्जे में, कर रही छानबीन

विज्ञापन

बड़ा हादसा टला, कोई हताहत नहीं

कुरसेला. कुरसेला थाना क्षेत्र में रविवार को एनएच- 31 पर बड़ा हादसा टल गया. समेली प्रखंड मुख्यालय के समीप एक ट्रक व ट्रैक्टर के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गयी.. टक्कर इतनी तेज थी कि आवाज सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे लोग और राहगीर मौके पर दौड़ पड़े. गनीमत रही कि इस भीषण दुर्घटना में किसी की जान नहीं गयी और न ही कोई घायल हुआ. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कंपनी से माल लोड कर पूर्णिया की ओर जा रहा ट्रक तेज रफ्तार में था. उसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहा ट्रैक्टर अचानक सामने आ गया. चालकों के संभलने से पहले ही दोनों वाहनों में जोरदार भिड़ंत हो गयी. टक्कर के बाद दोनों वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी एक झोपड़ी की ओर मुड़ गये, लेकिन ऐन वक्त पर रुक गये. अगर वाहन झोपड़ी में घुस जाता, तो वहां मौजूद लोगों की जान को खतरा हो सकता था. झोपड़ी में उस समय एक परिवार मौजूद था, जो हादसे में बाल-बाल बच गया.

घटना की सूचना मिलते ही कुरसेला थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया. ट्रक के चालक और उपचालक से पूछताछ कर हादसे के कारणों की जानकारी जुटायी जा रही है. पुलिस के अनुसार, टक्कर में ट्रैक्टर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है, जबकि ट्रक को भी नुकसान पहुंचा है. थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला ओवरटेक या लापरवाही से वाहन चलाने का लग रहा है. फिलहाल दोनों पक्षों से आवेदन का इंतजार है. आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. स्थानीय लोगों ने एनएच 31 पर आये दिन हो रहे हादसों पर चिंता जतायी है. लोगों का कहना है कि हाईवे पर वाहनों की तेज रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी हादसों की बड़ी वजह है. प्रशासन से स्पीड ब्रेकर और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की गयी है.

विज्ञापन

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन