एनएच-31 किनारे युवक का शव मिलने से सनसनी, परिजनों ने पत्नी समेत चार पर लगाया हत्या का आरोप
कुरसेला
कटिहार में नेशनल हाईवे-31 किनारे झाड़ियों में मिले नवगछिया निवासी युवक के शव से हड़कंप मच गया है. परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए मृतक की पत्नी समेत चार लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है.
Katihar Murder Case: कुरसेला (कटिहार). कुरसेला कबीर मठ के पास नेशनल हाईवे-31 किनारे झाड़ियों में नवगछिया निवासी युवक का शव मिलने के मामले में परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है. परिजनों की शिकायत पर पत्नी समेत चार लोगों को नामजद किया गया है. पुलिस ने मामले में पूछताछ के लिए पांच लोगों को हिरासत में लिया है और विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है.
पत्नी समेत चार लोगों पर हत्या का आरोप
मृतक के परिजनों का आरोप है कि साजिश के तहत युवक की हत्या की गई है. दर्ज शिकायत में युवक की पत्नी सहित चार लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पूछताछ और छापेमारी शुरू कर दी है.
मोबाइल लोकेशन के आधार पर जांच
पुलिस मोबाइल फोन की लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना की रात युवक कहां-कहां गया था और उसकी आखिरी लोकेशन क्या थी. अधिकारियों के अनुसार जांच में कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं, हालांकि अभी आधिकारिक रूप से कोई खुलासा नहीं किया गया है.
वैवाहिक विवाद की भी हो रही जांच
जानकारी के अनुसार मृतक का विवाह करीब तीन वर्ष पहले सधवा गांव में हुआ था. परिजनों का दावा है कि विवाह के बाद पति-पत्नी के बीच लगातार विवाद रहता था. पुलिस वैवाहिक विवाद सहित अन्य सभी संभावित कारणों की भी जांच कर रही है.
हाल ही में शुरू की थी नयी नौकरी
बताया गया कि मृतक लगभग दस दिन पहले उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस कंपनी में कार्यरत हुआ था. प्रशिक्षण के सिलसिले में वह पिछले चार दिनों से नवगछिया सिमड़ा से पूर्णिया आ-जा रहा था. नौकरी के लिए उसने हाल ही में नई पल्सर बाइक भी खरीदी थी.
पुलिस ने तेज की छापेमारी
Katihar Murder Case: पुलिस के अनुसार शव की स्थिति से प्रथम दृष्टया मारपीट की आशंका प्रतीत होती है, लेकिन मौत के वास्तविक कारण का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के बाद ही चल सकेगा. पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जायेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By अजीत ठाकुर
अजीत ठाकुर प्रिंट माध्यम में 28 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. कुरसेला (कटिहार) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










