मुहर्रम पर कटिहार में बदली ट्रैफिक व्यवस्था, 26 जून से लागू रहेगा डायवर्जन प्लान, बड़े वाहनों पर रोक
मुहर्रम को लेकर कटिहार शहर में लागू विशेष ट्रैफिक व्यवस्था
Muharram Traffic Route Katihar: मुहर्रम पर कटिहार में 26 जून से विशेष ट्रैफिक रूट प्लान लागू रहेगा. बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी, जबकि आपातकालीन सेवाएं निर्बाध जारी रहेंगी. जानें वैकल्पिक मार्ग और ट्रैफिक एडवाइजरी.
कटिहार से राज किशोर चौरसिया की रिपोर्ट:
Muharram Traffic Route Katihar: मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए कटिहार पुलिस प्रशासन ने शहर की यातायात व्यवस्था में अस्थायी बदलाव किया है. यातायात पुलिस की ओर से जारी आदेश के अनुसार 26 जून सुबह 5.00 बजे से दोपहर 2.00 बजे तक तथा शाम 7.00 बजे से 27 जून सुबह 4.00 बजे तक शहर में तीन पहिया एवं बड़े व्यावसायिक वाहनों के लिए विशेष रूट डायवर्जन लागू रहेगा.
प्रमुख जानकारी
पुलिस प्रशासन ने बताया कि ताजिया जुलूस के दौरान भीड़ और यातायात दबाव को देखते हुए यह व्यवस्था लागू की गई है, ताकि जाम और दुर्घटनाओं की आशंका को कम किया जा सके.
इन मार्गों पर रहेगी ट्रैफिक व्यवस्था
यातायात विभाग द्वारा जारी रूट प्लान के अनुसार विभिन्न मार्गों से आने वाले वाहनों के लिए निम्न व्यवस्था की गई है.
- कोढ़ा-गेड़ाबाड़ी एवं दलन सिरसा मोड़ की ओर से आने वाले वाहन केवल रेलवे स्टेशन जीआरपी चौक तक ही जा सकेंगे. शहर के अंदर प्रवेश की अनुमति नहीं होगी.
- मोंगरा मोड़ से आने वाले वाहन चन्द्रमा चौक तक ही पहुंच सकेंगे. इसके आगे शहर में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा.
- सुरतलसी कॉलेज मोड़ की ओर से आने वाले तीन पहिया और बड़े वाहनों का शहर में प्रवेश पूरी तरह बंद रहेगा.
- अंबेडकर चौक, मिरचाईबाड़ी की ओर से आने वाले वाहन केवल रेलवे स्टेशन जीआरपी चौक तक ही संचालित होंगे.
- प्राणपुर की ओर से आने वाले वाहन सुरतलसी कॉलेज तक ही जा सकेंगे.
- मनिहारी-शरीफगंज मार्ग से आने वाले वाहन केवल सेमापुर मोड़ तक ही पहुंच सकेंगे.
- बाजार समिति की ओर से शहर आने वाले वाहन उदामा चौक तक ही संचालित होंगे.
और पढ़ें: मुहर्रम पर कटिहार सदर अस्पताल की ओपीडी आज बंद, 24 घंटे जारी रहेगी इमरजेंसी सेवा
छोटे निजी वाहनों को मिलेगी आंशिक छूट
यातायात डीएसपी ने बताया कि यह प्रतिबंध मुख्य रूप से ऑटो, ई-रिक्शा, बस, ट्रक और अन्य बड़े व्यावसायिक वाहनों पर लागू रहेगा. बाइक, कार जैसे निजी छोटे वाहनों को जुलूस मार्ग से हटकर वैकल्पिक रास्तों से आने-जाने की अनुमति होगी. हालांकि जुलूस के दौरान मुख्य मार्गों पर आवश्यकता पड़ने पर सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही अस्थायी रूप से रोकी जा सकती है.
आपातकालीन सेवाएं रहेंगी निर्बाध
अस्पताल जाने वाले मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड, पुलिस वाहन तथा अन्य आपातकालीन सेवाओं को सभी मार्गों पर निर्बाध आवागमन की अनुमति दी गई है. जरूरत पड़ने पर पुलिस मरीजों और आपातकालीन सेवाओं को प्राथमिकता के आधार पर मार्ग उपलब्ध कराएगी.
लोगों से सहयोग की अपील
कटिहार पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि मुहर्रम के दौरान जारी ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करें और अनावश्यक रूप से शहर के मुख्य मार्गों पर वाहन लेकर न निकलें. जुलूस के समय वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें तथा यातायात पुलिस का सहयोग करें, ताकि व्यवस्था सुचारु बनी रहे. किसी भी प्रकार की सहायता के लिए डायल 112 या निकटतम थाना से संपर्क किया जा सकता है.
सुरक्षा व्यवस्था रहेगी कड़ी
पुलिस प्रशासन ने बताया कि मुहर्रम के अवसर पर शहर के जीआरपी चौक, चन्द्रमा चौक, मिरचाईबाड़ी, अंबेडकर चौक सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी. सभी थानों को अलर्ट पर रखा गया है, ताकि पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था दोनों सुचारु बनी रहें.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए