सुबह की बारिश बनी किसानों के लिए राहत, सूख रहे धान के बिचड़े को मिली नई जिंदगी

Edited by Shruti Kumari
Updated:
विज्ञापन

बारिश से पहले पानी के अभाव में सूखते धान के बिचड़े

Katihar Rain News: कटिहार में गुरुवार सुबह हुई हल्की बारिश से धान के सूख रहे बिचड़ों को राहत मिली. किसानों के चेहरे खिले, जबकि बारिश के दौरान दो घंटे तक बिजली गुल रहने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा.

विज्ञापन

कटिहार से सरोज कुमार की रिपोर्ट:

Katihar Rain News: गुरुवार की सुबह हुई हल्की बारिश ने किसानों के चेहरे पर मुस्कान लौटा दी. पिछले कई दिनों से पर्याप्त वर्षा नहीं होने के कारण खेतों में धान के बिचड़े सूखने लगे थे और किसानों की चिंता बढ़ती जा रही थी. ऐसे में सुबह हुई बारिश फसलों के लिए किसी वरदान से कम नहीं रही.

बारिश के बाद मौसम सुहाना हो गया और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली. बुधवार को दिनभर चिलचिलाती धूप और अत्यधिक उमस के कारण जनजीवन प्रभावित रहा था. शाम होते-होते आसमान में बादल छाने लगे थे, जिससे लोगों को बारिश की उम्मीद जगी थी.

किसानों के लिए राहत की फुहार

स्थानीय किसानों ने बताया कि लगातार बारिश नहीं होने से खेतों में नमी की कमी हो गई थी और कई जगहों पर जमीन में दरारें पड़ने लगी थीं. गुरुवार सुबह हुई बारिश से धान के बिचड़े को काफी फायदा पहुंचा है.

गोविंदपुर के किसान विशाल कुमार, कृष्ण कुमार चौहान, मीठू कुमार और मनीष कुमार ने बताया कि बारिश की सख्त जरूरत थी. इस वर्षा से न केवल धान के बिचड़े को लाभ मिलेगा, बल्कि अन्य फसलों के लिए भी यह बारिश उपयोगी साबित होगी.

दो घंटे से अधिक बिजली रही गुल

बारिश के दौरान शहर के कई हिस्सों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई. करीब दो घंटे तक बिजली गुल रहने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा. सुबह के समय बिजली नहीं रहने से दैनिक कार्य प्रभावित हुए और लोगों को नित्यक्रिया तक में दिक्कतों का सामना करना पड़ा.

रातभर भी बिजली की आंखमिचौली जारी रही, जिससे लोगों की परेशानी बढ़ी रही.

अगले 24 घंटे मौसम रहेगा बदलता हुआ

कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक पंकज कुमार ने बताया कि अगले 24 घंटे तक मौसम का मिला-जुला प्रभाव देखने को मिलेगा. धूप और हल्की बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है.

हालांकि सुबह बारिश के बाद दोपहर में फिर तेज धूप निकल आई, जिससे उमस बढ़ गई और लोगों को गर्मी का एहसास होने लगा. मौसम के लगातार बदलते स्वरूप से आम जनजीवन भी प्रभावित हो रहा है.

मौसम की मार और राहत दोनों

स्थानीय लोगों का कहना है कि सुबह बारिश, दोपहर में तेज धूप और शाम को फिर बादल या बारिश जैसी स्थिति के कारण दैनिक दिनचर्या प्रभावित हो रही है. बावजूद इसके किसानों के लिए यह बारिश बड़ी राहत लेकर आई है.

कुल मिलाकर गुरुवार की बारिश ने धान की खेती कर रहे किसानों को राहत दी है, लेकिन अनियमित बिजली कटौती और मौसम के लगातार बदलते मिजाज से शहरवासी अभी भी परेशान हैं.

और पढ़ें: मुहर्रम की तैयारी अंतिम चरण में, 62 इमामबाड़ों की सफाई पूरी, 40 स्थानों पर CCTV से होगी निगरानी

विज्ञापन
Shruti Kumari

लेखक के बारे में

By Shruti Kumari

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन