आजमनगर के स्कूल में DM की सख्ती, कमियां पकड़कर BEO और शिक्षकों को दिए सुधार के निर्देश

Updated:
विज्ञापन

स्कूल में छात्र-छात्राओं को पढ़ाते कटिहार डीएम आशुतोष द्विवेदी. | Prabhat Khabar Network

जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने आजमनगर के सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल स्कूल का औचक निरीक्षण किया. उन्होंने शैक्षणिक व्यवस्था, छात्र उपस्थिति और शिक्षकों की कार्यशैली पर सवाल उठाए और तत्काल सुधार के निर्देश दिए.

विज्ञापन

Katihar News: कटिहार जिले के आजमनगर स्थित सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल स्कूल आरके उच्च विद्यालय में गुरुवार को जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी के औचक निरीक्षण से विद्यालय प्रबंधन में हड़कंप मच गया. डीएम ने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, छात्र-छात्राओं की उपस्थिति, शिक्षकों की कार्यशैली, साफ-सफाई, कक्षा संचालन और मूलभूत सुविधाओं की विस्तार से समीक्षा की.

निरीक्षण के दौरान कई कमियां सामने आने पर उन्होंने नाराजगी जताई और प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सहित संबंधित शिक्षकों को तत्काल व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए.

कक्षा में पहुंचे और खुद पढ़ाने लगे डीएम

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी अलग-अलग कक्षाओं में पहुंचे और छात्रों से पढ़ाई से जुड़े सवाल पूछे. उन्होंने विद्यार्थियों की कॉपी और किताबों की भी जांच की.

इसी दौरान डीएम ब्लैकबोर्ड के पास पहुंचे और स्वयं छात्रों को पढ़ाने लगे. जिलाधिकारी को कक्षा में पढ़ाते देखकर छात्र उत्साहित हो गए, जबकि विद्यालय परिसर और आसपास के ग्रामीणों में यह चर्चा का विषय बन गया.

स्थानीय लोगों ने कहा कि यदि इस तरह के निरीक्षण नियमित रूप से हों तो सरकारी विद्यालयों की शिक्षा व्यवस्था में निश्चित रूप से सुधार होगा.

शिक्षकों को समयपालन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर दिया जोर

डीएम आशुतोष द्विवेदी ने शिक्षकों को समय पर विद्यालय आने, नियमित कक्षाएं लेने और बच्चों की शैक्षणिक प्रगति पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया.

उन्होंने विद्यालय में पेयजल, शौचालय और साफ-सफाई की व्यवस्था को भी दुरुस्त रखने को कहा. उनका स्पष्ट संदेश था कि सरकारी विद्यालयों में बुनियादी सुविधाओं और शिक्षा की गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी.

BEO को दिए नियमित निरीक्षण के सख्त निर्देश

जिलाधिकारी ने प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को निर्देश दिया कि क्षेत्र के सभी विद्यालयों का नियमित निरीक्षण किया जाए. जहां भी लापरवाही मिले, वहां नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.

उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता प्रत्येक बच्चे तक बेहतर शिक्षा पहुंचाना है और इस लक्ष्य में किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

Also Read: पटना में सफाईकर्मियों की हड़ताल आठवें दिन खत्म, सीधे अकाउंट में वेतन व बोनस का मिलेगा लाभ

Katihar News: अभिभावकों से भी की अपील

निरीक्षण के अंत में डीएम ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें. उन्होंने कहा कि शिक्षा ही बच्चों के भविष्य की सबसे मजबूत नींव है और किसी भी बच्चे को पढ़ाई से वंचित नहीं रहना चाहिए.

आजमनगर में डीएम के इस औचक निरीक्षण ने सरकारी विद्यालयों में जवाबदेही और शैक्षणिक गुणवत्ता को लेकर एक स्पष्ट संदेश दिया है. अब निगाहें इस बात पर हैं कि विद्यालय में मिली कमियों पर कितनी जल्दी सुधारात्मक कार्रवाई होती है.

Also Read: बांकीपुर में BJP की हार की अंदरूनी कहानी, समीक्षा बैठक में खुलीं कई परतें, नैरेटिव से लेकर राशन कार्ड तक पर हुई चर्चा


विज्ञापन
नदीम अख्तर

लेखक के बारे में

By नदीम अख्तर

नदीम अख्तर को पत्रकारिता में छह वर्षों का अनुभव है. पत्रकारिता के क्षेत्र में वर्ष 2020 से लगातार कार्यरत हैं. वर्तमान में कटिहार जिले के आजमनगर प्रखंड से समाचार संकलन का कार्य कर रहे हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन