पूजा, दिवाली और छठ पर रेलवे चलाएगा 4 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें, देखें पूरा टाइमटेबल
ट्रेन की फाइल फोटो | Prabhat Khabar Network
आगामी पूजा, दिवाली और छठ पर्व के लिए रेलवे ने 4 जोड़ी फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों की घोषणा की है. यात्रियों की सुविधा के लिए न्यू जलपाईगुड़ी, कटिहार और पूर्णिया के बीच विशेष ट्रेनें चलेंगी. जानिए ट्रेनों का पूरा शेड्यूल और महत्वपूर्ण ठहराव.
कटिहार. आगामी पूजा, दिवाली और छठ पर्व के मद्देनजर रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए चार जोड़ी फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों के परिचालन की घोषणा की है. इनमें न्यू जलपाईगुड़ी-गोमती नगर, कटिहार-पुर्णिया और कटिहार-मनिहारी के बीच चलने वाली ट्रेनें शामिल हैं. अलग-अलग ट्रेनों का परिचालन निर्धारित तिथियों और फेरों के अनुसार किया जाएगा.
न्यू जलपाईगुड़ी-गोमती नगर स्पेशल के 9-9 फेरे
ट्रेन संख्या 05742/05741 न्यू जलपाईगुड़ी-गोमती नगर-न्यू जलपाईगुड़ी स्पेशल का परिचालन 4 अक्टूबर से 30 नवंबर तक दोनों दिशाओं में 9-9 फेरों के लिए किया जाएगा. ट्रेन संख्या 05742 न्यू जलपाईगुड़ी-गोमती नगर स्पेशल प्रत्येक रविवार को न्यू जलपाईगुड़ी से सुबह 8:30 बजे रवाना होगी और सोमवार को सुबह 9:10 बजे गोमती नगर पहुंचेगी. वापसी में ट्रेन संख्या 05741 गोमती नगर-न्यू जलपाईगुड़ी स्पेशल प्रत्येक सोमवार को दोपहर 12:20 बजे गोमती नगर से रवाना होगी और मंगलवार को दोपहर 3 बजे न्यू जलपाईगुड़ी पहुंचेगी.
इन प्रमुख स्टेशनों पर होगा ठहराव
इस स्पेशल ट्रेन का ठहराव सिलीगुड़ी जंक्शन, ठाकुरगंज, अररिया कोर्ट, पूर्णिया, कटिहार, मानसी, खगड़िया, समस्तीपुर, हाजीपुर, छपरा और गोरखपुर सहित अन्य महत्वपूर्ण स्टेशनों पर होगा.
कटिहार-पुर्णिया स्पेशल प्रतिदिन चलेगी
ट्रेन संख्या 07555/07554 कटिहार-पुर्णिया-कटिहार स्पेशल का परिचालन 1 अक्टूबर से 30 नवंबर तक प्रतिदिन किया जाएगा. दोनों दिशाओं में इसके 61-61 फेरे निर्धारित किए गए हैं. ट्रेन संख्या 07555 कटिहार-पुर्णिया स्पेशल रात 9:30 बजे कटिहार से रवाना होकर रात 10:40 बजे पूर्णिया पहुंचेगी. वापसी में ट्रेन संख्या 07554 पूर्णिया-कटिहार स्पेशल रात 11:40 बजे पूर्णिया से रवाना होगी और रात 2 बजे कटिहार पहुंचेगी. इस ट्रेन का ठहराव दलन, रौतारा और रानीपतरा स्टेशनों पर होगा.
कटिहार-मनिहारी स्पेशल के 43-43 फेरे
ट्रेन संख्या 07540/07539 कटिहार-मनिहारी-कटिहार स्पेशल का परिचालन 2 अक्टूबर से 30 नवंबर तक दोनों दिशाओं में 43-43 फेरों के लिए किया जाएगा. ट्रेन संख्या 07540 कटिहार-मनिहारी स्पेशल मंगलवार, बुधवार, शुक्रवार, शनिवार और रविवार को शाम 7 बजे कटिहार से रवाना होकर रात 8 बजे मनिहारी पहुंचेगी. वापसी में ट्रेन संख्या 07539 मनिहारी-कटिहार स्पेशल बुधवार, गुरुवार, शनिवार, रविवार और सोमवार को तड़के 3:15 बजे मनिहारी से रवाना होकर सुबह 4:15 बजे कटिहार पहुंचेगी. इस ट्रेन का ठहराव मनसाही और महियारपुर स्टेशनों पर होगा.
एक और कटिहार-मनिहारी स्पेशल ट्रेन भी चलेगी
ट्रेन संख्या 07544/07543 कटिहार-मनिहारी-कटिहार स्पेशल का परिचालन 1 अक्टूबर से 1 दिसंबर तक दोनों दिशाओं में 18-18 फेरों के लिए किया जाएगा.
ट्रेन संख्या 07544 कटिहार-मनिहारी स्पेशल सोमवार और गुरुवार को रात 8:30 बजे कटिहार से रवाना होकर रात 9:30 बजे मनिहारी पहुंचेगी. वापसी में ट्रेन संख्या 07543 मनिहारी-कटिहार स्पेशल मंगलवार और शुक्रवार को सुबह 5 बजे मनिहारी से रवाना होगी और सुबह 6 बजे कटिहार पहुंचेगी. इस ट्रेन का ठहराव भी मनसाही और महियारपुर स्टेशनों पर होगा.
त्योहारों में यात्रियों को मिलेगी अतिरिक्त सुविधा
रेलवे के इस फैसले से पूजा, दिवाली और छठ के दौरान कटिहार, पूर्णिया, मनिहारी और न्यू जलपाईगुड़ी समेत संबंधित रेलखंडों पर यात्रियों को अतिरिक्त ट्रेन विकल्प मिलेगा. विशेष ट्रेनों के परिचालन से त्योहारों के दौरान बढ़ने वाली यात्री भीड़ को संभालने में भी मदद मिलने की उम्मीद है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए