कटिहार में उत्पाद विभाग की कार्रवाई : 11 शराब तस्कर गिरफ्तार, 155 लीटर शराब और चार बाइक जब्त

गिरफ्तार शराब तस्कर
कटिहार जिले में उत्पाद विभाग ने शराब तस्करी के खिलाफ एक बड़ा अभियान चलाया है. इस कार्रवाई में 11 शराब तस्करों और विक्रेताओं को गिरफ्तार किया गया है. साथ ही बड़ी मात्रा में देशी और विदेशी शराब के साथ चार मोटरसाइकिलें भी जब्त की गई हैं.
कटिहार से नीरज की रिपोर्ट
कटिहार जिले में शराब तस्करी के खिलाफ उत्पाद विभाग ने व्यापक अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है. जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में छापेमारी और वाहन जांच के दौरान 11 शराब तस्करों एवं विक्रेताओं को गिरफ्तार किया गया. कार्रवाई के दौरान कुल 155.500 लीटर देसी शराब, 2.250 लीटर विदेशी शराब और चार मोटरसाइकिल भी जब्त की गई हैं.
डीएम के निर्देश पर चला विशेष अभियान
जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी के निर्देश पर उत्पाद विभाग की अलग-अलग टीमों ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में छापेमारी और वाहन जांच अभियान चलाया. उत्पाद अधीक्षक सुभाष सिंह के नेतृत्व में चलाए गए अभियान का उद्देश्य जिले में शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू करना था.
अलग-अलग थाना क्षेत्रों से हुई गिरफ्तारी
अभियान के दौरान बरारी थाना क्षेत्र के उचला चौक से वैजनाथ मिस्त्री को 16 लीटर देसी शराब और एक मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया गया. वहीं बालाघाट में नीरज साहनी को 10 लीटर देसी शराब के साथ पकड़ा गया.
नगर थाना क्षेत्र के दिग्घी से सुशील झा को 2.500 लीटर देसी शराब, चमर टोली (इस्लामिया स्कूल) से अमित दास को 45 लीटर देसी शराब तथा तीन गछिया से गोरी देवी को 10 लीटर देसी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया.
इसके अलावा सेमापुर थाना क्षेत्र के शंकरगंज से रोहित यादव को 32 लीटर चुलाई शराब, कोढ़ा थाना के चेथारिया से अनिल मलिक को दो लीटर चुलाई शराब, बलरामपुर थाना के उफरैल से विष्णु कुमार को बाइक पर तीन बोतल विदेशी शराब, मनसाही थाना के गड़ीघाट से अरुण साह को 30 लीटर देसी शराब, कदवा थाना के बौरा से बाबूलाल मरांडी को पांच लीटर चुलाई शराब तथा रौतारा थाना के बाहरखाल से तालकु देवी को पांच लीटर चुलाई शराब के साथ गिरफ्तार किया गया.
सभी आरोपितों पर दर्ज हुआ मामला
उत्पाद अधीक्षक सुभाष सिंह ने बताया कि अभियान के दौरान कुल 11 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है. सभी के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. साथ ही शराब तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Shruti Kumari
श्रुति कुमारी एक पत्रकार और डिजिटल कंटेंट राइटर हैं। उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से अंग्रेजी पत्रकारिता में स्नातकोत्तर डिप्लोमा प्राप्त किया है। वर्तमान में वे प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें विभिन्न प्लाटफॉर्म्स पर डिजिटल पत्रकारिता और कंटेंट राइटिंग का लगभग दो वर्षों का अनुभव है। अपने समाचार पोर्टल पर कार्य करते हुए उन्होंने समाचार लेखन और डिजिटल कंटेंट निर्माण में अनुभव हासिल किया। सामाजिक मुद्दों, महिला सशक्तिकरण, राजनीति, शिक्षा और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लिखना उनकी विशेष रुचि का क्षेत्र है। इसके अलावा वे डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए स्क्रिप्ट राइटिंग करती हैं तथा हिंदी कविता और अंगिका भाषा में लेखन का भी शौक रखती हैं। प्रकृति से उनका विशेष लगाव है और वे मानती हैं कि संवेदनशील, तथ्यपरक और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता समाज में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बन सकती है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










