आपत्तिजनक फोटो-वीडियो वायरल करने पर पति गिरफ्तार
Published by : RAJKISHOR K Updated At : 12 Jun 2026 5:46 PM
साइबर थाना पुलिस ने पत्नी की शिकायत पर दर्ज आपत्तिजनक फोटो एवं वीडियो वायरल करने के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे आरोपित पति को गिरफ्तार कर लिया है.
– पत्नी की शिकायत पर साइबर थाना पुलिस ने की कार्रवाई
कटिहारकटिहार साइबर थाना पुलिस ने पत्नी की शिकायत पर दर्ज आपत्तिजनक फोटो एवं वीडियो वायरल करने के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे आरोपित पति को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान, डिजिटल साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपित पति को दबोच लिया. गिरफ्तारी के बाद आरोपित पति को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. साइबर थाना के उपाधीक्षक आसिफ आलम ने प्रेस वार्ता कर बताया कि साइबर थाना कांड संख्या 04/26 में पीड़िता ने अपने पति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी. शिकायत में आरोप लगाया गया था कि उसके पति ने उसकी निजी व आपत्तिजनक फोटो और वीडियो को सोशल मीडिया तथा अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म पर वायरल कर दिया. उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा और निजता को गंभीर क्षति पहुंची.
साइबर थाना की टीम ने शुरू की थी जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर थाना पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की थी. पुलिस अधीक्षक कटिहार के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक साइबर थाना आसिफ आलम के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया. जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और डिजिटल ट्रैकिंग के माध्यम से आरोपित की गतिविधियों पर नजर रखी गई. पुलिस को सूचना मिली कि आरोपित लगातार अपना ठिकाना बदल रहा है. गिरफ्तारी से बचने का प्रयास कर रहा है. इसके बावजूद पुलिस टीम ने लगातार निगरानी जारी रखी और आखिरकार आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की. गिरफ्तार आरोपित की पहचान दयानंद कुमार उर्फ दयानंद वर्मा उर्फ दयानंद साह, पिता मुद्दन साह, निकोलटोली, थाना मनिहारी, जिला कटिहार के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार आरोपित के विरुद्ध मामला दर्ज है. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि किसी भी व्यक्ति की निजी तस्वीर या वीडियो को उसकी अनुमति के बिना सार्वजनिक करना गंभीर साइबर अपराध है. विशेष रूप से महिलाओं की निजता व सम्मान से जुड़े मामलों में कानून बेहद सख्त है. ऐसे अपराधों में दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है.किस माध्यम से प्रसारित हुआ वीडियो की जा रही जांच
साइबर थाना पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है. यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आपत्तिजनक सामग्री किन-किन माध्यमों से प्रसारित की गयी. इसमें किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता तो नहीं है. पुलिस ने आमलोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया और इंटरनेट का जिम्मेदारी पूर्वक उपयोग करें तथा किसी भी व्यक्ति की निजी सामग्री को बिना अनुमति साझा न करें. साइबर अपराध और महिलाओं के खिलाफ ऑनलाइन उत्पीड़न के मामलों पर पुलिस की विशेष नजर बनी हुई है. ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










