गेड़ाबाड़ी बाजार में फिर अतिक्रमण, सड़क पर सज रही दुकानें

Updated:
विज्ञापन
WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

बाजार की मुख्य सड़क पर फिर से दुकानदारों ने अपनी-अपनी दुकानें सजा ली हैं, जिससे आमलोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

विज्ञापन

– रोजाना जाम से लोग परेशान, प्रशासनिक कार्रवाई पर उठ रहे सवाल

कटिहार के कोढ़ा से रिपोर्ट,

कोढ़ा नगर पंचायत क्षेत्र के गेड़ाबाड़ी बाजार में दो माह पूर्व प्रशासन की ओर से हटाये गये अतिक्रमण एक बार फिर लौट आये है. हालात यह हैं कि बाजार की मुख्य सड़क पर फिर से दुकानदारों ने अपनी-अपनी दुकानें सजा ली हैं, जिससे आमलोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. सड़क पर बेतरतीब तरीके से लग रही दुकानों के कारण गेड़ाबाड़ी चौक पर प्रतिदिन जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है. स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ समय पहले प्रशासन ने अभियान चलाकर सड़क किनारे और सड़क पर लगाए गए अतिक्रमण को हटाया था. उस समय लोगों को उम्मीद जगी थी कि अब बाजार में आवागमन सुगम हो जायेगा. लेकिन यह स्थिति ज्यादा दिनों तक नहीं टिक सकी.

धीरे-धीरे फिर से दुकानदारों ने सड़क पर शुरू कर दिया कब्जा

धीरे-धीरे फिर से दुकानदारों ने सड़क पर कब्जा करना शुरू कर दिया. अब हालात पहले जैसे ही हो गए हैं. रोजाना सुबह से लेकर शाम तक गेड़ाबाड़ी चौक पर वाहनों की लंबी कतार लग जाती है. खासकर स्कूल के समय और शाम के वक्त जाम की समस्या और भी विकराल हो जाती है. इससे स्कूली बच्चों, मरीजों और आम राहगीरों को काफी कठिनाई होती है. कई बार तो एंबुलेंस भी जाम में फंस जाती है. जिससे गंभीर मरीजों के लिए स्थिति और भी चिंताजनक बन जाती है. स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि दुकान चलाने के लिए उन्हें मजबूरी में सड़क किनारे बैठना पड़ता है.

लोग बोले प्रशासन की ढिलाई के कारण हो रही समस्या

आम नागरिकों का आरोप है कि प्रशासन की ढिलाई के कारण यह समस्या बार-बार उत्पन्न हो रही है. लोगों का यह भी कहना है कि यदि नियमित रूप से निगरानी और सख्ती बरती जाए, तो इस समस्या से निजात पाया जा सकता है. प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से इस मामले में सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया गया है. अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही फिर से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जायेगा और सड़क को अतिक्रमण मुक्त बनाया जायेगा. ताकि आमलोगों को राहत मिल सके. अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस बार कितनी प्रभावी कार्रवाई करता है और गेड़ाबाड़ी बाजार को स्थायी रूप से जाम और अतिक्रमण की समस्या से मुक्ति दिला पाता है या नहीं.

विज्ञापन

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन