पुल तैयार पर रास्ता गायब! सालमारी रेलवे स्टेशन और कॉलेजों को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग पर क्यों जान जोखिम में डाल रहे हैं लोग?

Updated:
विज्ञापन

फोटो- डूबा एप्रोच | Prabhat Khabar Network

कटिहार में नया पुल बनकर तैयार है, लेकिन एप्रोच पथ के निर्माण में देरी के कारण लोग जान जोखिम में डालकर आवागमन कर रहे हैं। बारिश के बाद डायवर्सन पर जमा हुआ पानी बड़ी परेशानी का सबब बन गया है।

विज्ञापन

कटिहार, बलिया बेलौन. बलिया बेलौन मुख्य मार्ग पर ढांगी गांव के समीप करीब चार महीने पहले बनकर तैयार हुआ नया पुल अब सुविधा के बजाय लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गया है. पुल का निर्माण पूरा होने के बावजूद दोनों तरफ एप्रोच पथ का निर्माण नहीं होने से इसका उपयोग सुचारू रूप से नहीं हो पा रहा है. बारिश के कारण पुल के पास बने डायवर्सन पर करीब तीन फीट पानी जमा हो गया है. इससे वाहन चालकों के साथ पैदल राहगीरों को भी जोखिम उठाकर आवागमन करना पड़ रहा है.

आपके शहर में

विज्ञापन

डायवर्सन पर तीन फीट पानी, राहगीरों की बढ़ी परेशानी

स्थानीय मुखिया मेराज आलम ने बताया कि पुल का निर्माण करीब चार माह पहले पूरा हो चुका है, लेकिन दोनों तरफ एप्रोच पथ नहीं बनने के कारण लोगों को अब भी डायवर्सन के सहारे आवागमन करना पड़ रहा है. बारिश के बाद डायवर्सन पर करीब तीन फीट पानी जमा हो गया है. इससे वाहनों के परिचालन के साथ पैदल आने-जाने वाले लोगों की परेशानी भी बढ़ गयी है.

पानी के बीच से गुजरने को मजबूर हैं लोग

ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के दौरान डायवर्सन की स्थिति और खराब हो जाती है. पानी की गहराई का सही अंदाजा नहीं लगने के कारण दोपहिया वाहन चालकों के गिरने का खतरा बना रहता है. पैदल राहगीरों को भी पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ता है. वहीं बड़े वाहनों को भी काफी सावधानी से डायवर्सन पार करना पड़ रहा है.

कई महत्वपूर्ण इलाकों को जोड़ता है मुख्य मार्ग

बलिया बेलौन का यह मार्ग सालमारी रेलवे स्टेशन और मुख्य बाजार के अलावा आरडीएस कॉलेज, ढांगी, बलिया बेलौन, कोर्रा हाट, निस्ता कॉलेज, बिदेयपुर, भेलागंज, दिलशादपुर और कुरुम हाट सहित कई महत्वपूर्ण इलाकों को जोड़ता है. इस मार्ग से रोजाना बड़ी संख्या में ऑटो, टोटो, चारपहिया और अन्य वाहनों का परिचालन होता है. ऐसे में डायवर्सन पर जलजमाव के कारण आवागमन प्रभावित होने से बड़ी आबादी को परेशानी झेलनी पड़ रही है.

सड़क चौड़ीकरण के साथ कई निर्माण कार्य अधूरे

ग्रामीणों के मुताबिक कुरुम से गायघट्टा तक पीडब्ल्यूडी सड़क के चौड़ीकरण का काम चल रहा है. लेकिन कई जगह काम अधूरा रहने के कारण लोगों को इसका पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है. बलतर स्कूल के समीप सोहरागाछी पुल का निर्माण भी लंबित बताया जा रहा है. इसके अलावा ढांगी मंदिर के पास और बिझारा गांव के समीप एप्रोच पथ का काम अधूरा रहने से भी आवागमन की समस्या बनी हुई है.

पुल तैयार, लेकिन उद्देश्य अब भी अधूरा

स्थानीय निवासी अशोक दास, राज कुमार कर्मकार, प्रदीप दास सहित अन्य लोगों ने कहा कि पुल तैयार हुए कई महीने बीत चुके हैं, लेकिन एप्रोच पथ का निर्माण नहीं होने से इसका उद्देश्य पूरा नहीं हो पा रहा है. ग्रामीणों ने कहा कि पुल को मुख्य सड़क से सुचारू रूप से जोड़ने के लिए दोनों तरफ एप्रोच पथ का निर्माण जल्द कराया जाना जरूरी है.

एप्रोच पथ और अधूरे कार्य जल्द पूरा कराने की मांग

ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से शीघ्र दोनों तरफ एप्रोच पथ का निर्माण कराने की मांग की है. साथ ही डायवर्सन से पानी की निकासी कराने और सड़क चौड़ीकरण समेत अन्य अधूरे निर्माण कार्यों को जल्द पूरा कराने की मांग की गयी है. ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के दौरान समस्या और गंभीर होने से पहले आवश्यक कदम उठाया जाना जरूरी है.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन