कैमूर: हाटा में PNB से रुपये निकालकर फल खरीद रहे थे ग्राहक, बाइक की डिक्की खोल 25 हजार ले उड़ा शातिर
चैनपुर के हाटा बाजार में बैंक से रुपये निकालकर खरीदारी कर रहे व्यक्ति की बाइक की डिग्गी से 25 हजार रुपये चोरी हो गए. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
Kaimur News: चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत हाटा नगर बाजार में पंजाब नेशनल बैंक (PNB) से रुपये निकालकर खरीदारी कर रहे एक व्यक्ति की बाइक की डिक्की खोलकर अज्ञात उचक्के द्वारा 25 हजार रुपये नकद उड़ा लिए जाने का मामला सामने आया है. घटना के बाद पीड़ित व्यक्ति ने चैनपुर थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने आवेदन के आधार पर अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है. पीड़ित की पहचान चांद थाना क्षेत्र के बहुआरा गांव निवासी स्वर्गीय जटाई पांडेय के पुत्र भानु पांडेय के रूप में हुई है.
आपके शहर में
फल ठेले पर खरीदारी के दौरान हुई वारदात
थाने में दिए गए आवेदन में भानु पांडेय ने बताया कि वह शनिवार दोपहर हाटा स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा से 25 हजार रुपये की निकासी करने पहुंचे थे. पैसे निकालने के बाद उन्होंने पूरी नकदी को अपनी बाइक की डिक्की में रख दिया. इसके बाद वे घरेलू सामान व फल खरीदने के लिए हाटा बाजार पहुंचे और मुख्य मार्ग किनारे बाइक खड़ी कर ठेले से फल खरीदने लगे. उनकी बाइक ठीक उनके पीछे खड़ी थी.
डिक्की खोलकर पलक झपकते फरार हुआ युवक
फल खरीदने में व्यस्तता का फायदा उठाकर एक अज्ञात युवक तेजी से बाइक के पास पहुंचा और उसने चालाकी से डिक्की का लॉक खोलकर उसमें रखे 25 हजार रुपये निकाल लिए और भीड़भाड़ का लाभ उठाकर मौके से रफूचक्कर हो गया. जब पीड़ित फल लेकर बाइक के पास पहुंचे और डिक्की खुली देखी, तो उनके होश उड़ गए. पीड़ित ने आसपास के दुकानदारों से पूछताछ की और काफी खोजबीन की, लेकिन शातिर का कोई सुराग नहीं मिल सका.
प्राथमिकी दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना के तुरंत बाद पीड़ित ने चैनपुर थाने पहुंचकर पुलिस को आपबीती सुनाई और लिखित आवेदन सौंपा. चैनपुर थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि पीड़ित के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. बैंक परिसर से लेकर हाटा बाजार तक के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि बैंक से रेकी कर वारदात को अंजाम देने वाले उचक्के की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए