कैमूर: भभुआ के डबढिया में नाश्ता दुकान का दरवाजा तोड़कर गैस सिलेंडर और 15 किलो रिफाइंड तेल ले उड़े चोर
भभुआ के डबढिया गांव में एक नाश्ते व मिठाई की दुकान को चोरों ने निशाना बनाया. दुकान का दरवाजा तोड़कर अज्ञात चोर एक भरा गैस सिलेंडर और 15 किलो रिफाइंड तेल लेकर फरार हो गए. पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है.
Kaimur News: भभुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत डबढिया गांव स्थित एक नाश्ते व मिठाई की दुकान का दरवाजा तोड़कर अज्ञात चोरों ने दुकान में रखा एक भरा गैस सिलेंडर और 15 किलो रिफाइंड तेल चोरी कर लिया. घटना को लेकर पीड़ित दुकानदार ने भभुआ थाने में अज्ञात चोरों के विरुद्ध लिखित शिकायत दर्ज कराई है.
आपके शहर में
स्कूल के पास स्थित दुकान को बनाया निशाना
पीड़ित दुकानदार व डबढिया गांव निवासी श्रीसिंह यादव ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि डबढिया स्कूल के समीप मुख्य सड़क किनारे उनकी नाश्ते व मिठाई की दुकान है. 27 अगस्त की रात वे दुकान बंद कर अपने घर चले गए थे. देर रात अज्ञात चोरों ने दुकान का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और दुकान में रखा कमर्शियल गैस सिलेंडर व 15 किलो का रिफाइंड तेल का टीन चुराकर फरार हो गए.
प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन में जुटी भभुआ पुलिस
सुबह जब दुकानदार दुकान खोलने पहुंचे, तो टूटा दरवाजा देखकर उनके होश उड़ गए. पीड़ित दुकानदार ने पुलिस प्रशासन से चोरी की घटना की निष्पक्ष जांच कर चोरों की गिरफ्तारी और सामान की बरामदगी की गुहार लगाई है. भभुआ थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि पीड़ित के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पुलिस आसपास के संदिग्धों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए