कैमूर: रोहतासगढ़ से लौट रहे बाइक सवार 20 वर्षीय युवक को अज्ञात वाहन ने रौंदा, मौत; परिवार में मचा कोहराम

Updated:
विज्ञापन

पोस्टमार्टम के दौरान सदर अस्पताल में उपस्थित परिजन | Prabhat Khabar Network

कैमूर जिले में रोहतासगढ़ किले से लौट रहे 20 वर्षीय युवक विजय सिंह की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई. अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसे अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. इस घटना से परिवार और गांव में मातम पसर गया है.

विज्ञापन

Kaimur News: रोहतास जिला स्थित ऐतिहासिक रोहतासगढ़ किले पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर घर लौट रहे बाइक सवार 20 वर्षीय युवक की दर्दनाक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई. मृतक की पहचान कैमूर जिले के अधौरा थाना क्षेत्र अंतर्गत देवरी गांव निवासी भरत सिंह खरवार के सबसे छोटे पुत्र विजय सिंह खरवार (20 वर्ष) के रूप में हुई है. युवक की असमय मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में मातम पसर गया.

आपके शहर में

विज्ञापन

रेहल आवासीय विद्यालय के पास अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर

मृतक के पिता भरत सिंह ने घटना के संबंध में बताया कि विजय शुक्रवार को रोहतासगढ़ किले पर आयोजित एक सांस्कृतिक कार्यक्रम में हिस्सा लेने गया था. शनिवार को वह अपनी बाइक से वापस अपने गांव देवरी लौट रहा था. इसी दौरान रोहतास जिले के रेहल गांव के समीप कल्याण विभाग द्वारा संचालित आवासीय विद्यालय के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान अवस्था में सड़क पर गिर पड़ा.

भभुआ सदर अस्पताल में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत

घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने परिजनों को सूचना दी. सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए भभुआ सदर अस्पताल लेकर आए. शनिवार दोपहर अस्पताल लाए जाने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया. युवक की मौत की पुष्टि होते ही अस्पताल परिसर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया.

पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंपा

सदर अस्पताल में युवक को मृत घोषित किए जाने के बाद इसकी आधिकारिक सूचना भभुआ थाना पुलिस को दी गई. सूचना पाकर अस्पताल पहुंची पुलिस ने कागजी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव का पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम कराया. पोस्टमार्टम के उपरांत शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया. पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान और आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है.

Also Read: कैमूर: भभुआ के नखतौल में सोते समय जहरीले सांप ने डसा, 24 वर्षीय युवक की मौत; झाड़-फूंक के लिए शव लेकर भटके परिजन


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन