कैमूर में जहरीले सांप के काटने से दो सगे भाइयों की मौत, झाड़-फूंक में गंवाया समय, बुझ गया घर का चिराग
सांप काटने से सगे भाइयों के मौत पर सदर अस्पताल में भीड़
कैमूर जिले के कुदरा प्रखंड में सांप के काटने से दो भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई. परिवार ने इलाज के बजाय झाड़-फूंक पर भरोसा किया, जिससे दोनों की जान चली गई. इस घटना ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया है.
kaimur Snake Bite: कैमूर जिले के कुदरा प्रखंड में जहरीले सांप के काटने से दो सगे भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई. घटना कुदरा थाना क्षेत्र के अजगरा गांव की है. दोनों भाइयों को छत पर सोने के दौरान सांप ने काट लिया. इलाज में देरी होने के कारण दोनों की जान नहीं बच सकी.
झाड़-फूंक में गंवाया समय, बिगड़ गई हालत
जानकारी के अनुसार अजगरा गांव निवासी सत्येंद्र बैठा के पुत्र धर्मवीर (15) और धर्मराज (12) रात में घर की छत पर सो रहे थे. इसी दौरान जहरीले सांप ने दोनों को काट लिया. परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाने के बजाय झाड़-फूंक के लिए कर्मा गांव पहुंच गए. इस दौरान दोनों की हालत लगातार बिगड़ती गई.
अस्पताल पहुंचने पर एक की मौत, दूसरे ने वाराणसी में तोड़ा दम
हालत गंभीर होने पर परिजन दोनों को सदर अस्पताल भभुआ लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने धर्मवीर को मृत घोषित कर दिया. वहीं धर्मराज की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर किया गया, लेकिन वहां पहुंचते ही डॉक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया.
पोस्टमार्टम के लिए लाए गए दोनों शव
दोनों भाइयों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भभुआ लाया गया है. घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है.
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
बताया जाता है कि सत्येंद्र बैठा के केवल दो ही बेटे थे. दोनों की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है.
Also Read: राजद नई टीम क्यों बना रही है? जानिए संगठन भंग करने के पीछे की वजह
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










