कैमूर: शराब कारोबारी के ठिकाने पर पुलिस टीम पर हमला, दो महिला समेत तीन गिरफ्तार
थाना भवन भगवानपुर | Prabhat Khabar Network
भगवानपुर में शराब कारोबारी के ठिकाने पर छापेमारी के दौरान पुलिस टीम पर हमला करने के आरोप में दो महिलाओं समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
Kaimur News : शराब कारोबारी के ठिकाने पर छापेमारी करने गयी पुलिस टीम पर हमला करने के मामले में भगवानपुर थाने की पुलिस ने बुधवार को दो महिला समेत तीन आरोपितों को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सरैयां पंचायत के मसहीं गांव निवासी हरेंद्र राम, उनकी पत्नी नीतू देवी और निधि कुमारी के रूप में हुई है. गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया.
आपके शहर में
शराब की सूचना पर खटाल में पहुंची थी पुलिस
मामला 22 अगस्त 2026 का है. थानाध्यक्ष चंद्रशेखर शर्मा के नेतृत्व में भगवानपुर थाने की पुलिस को मसहीं पहाड़ी की तलहटी स्थित भैंसों के खटाल में शराब बेचे जाने की गुप्त सूचना मिली थी. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने वहां छापेमारी की थी. इस दौरान पुलिस ने शराब कारोबारी रमेंद्र राम, पिता स्वर्गीय लालमुनि राम, समेत शराब सेवन के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया था. मौके से कोल्ड ड्रिंक की बोतलों में रखी कुछ मात्रा में शराब भी बरामद की गयी थी.
छापेमारी का विरोध करते हुए पुलिस पर हमला
पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान शराब कारोबारी के परिजनों ने कुछ ग्रामीणों के साथ मिलकर छापेमारी का विरोध किया. इसी दौरान छापेमारी टीम पर हमला किये जाने का आरोप है. घटना का वीडियो भी मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड किया गया था. पुलिस ने इसी वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपितों की पहचान की.
13 नामजद समेत 22 पर दर्ज है मामला
पुलिस ने मामले में 13 नामजद और नौ अज्ञात आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की थी. प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई कर रही थी. इसी क्रम में बुधवार को मसहीं गांव में छापेमारी कर हरेंद्र राम, नीतू देवी और निधि कुमारी को गिरफ्तार किया गया.
बाकी आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए जारी रहेगी छापेमारी
पुलिस पदाधिकारी विधानंद ने बताया कि मामले में फरार अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार छापेमारी की जा रही है. उन्होंने कहा कि आरोपितों के न्यायालय में आत्मसमर्पण करने तक पुलिस की कार्रवाई जारी रहेगी. पुलिस का कहना है कि शराब कारोबार से जुड़े मामलों में सख्ती बरती जा रही है और शराबबंदी कानून का प्रभावी तरीके से पालन कराया जा रहा है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए