कैमूर : मोहनिया में दुर्गावती नदी उफान पर, अमरपुरा और बेलौड़ी तक पहुंचा पानी, प्रशासन ने जारी किया अलर्ट
जायजा लेने पहुंची एसडीएम | Prabhat Khabar Network
लगातार बारिश और दुर्गावती जलाशय से पानी छोड़े जाने के बाद नदी का जलस्तर बढ़ा। प्रशासन ने अमरपुरा और बेलौड़ी के ग्रामीणों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।
मोहनिया. लगातार हो रही बारिश और दुर्गावती जलाशय से पानी छोड़े जाने के बाद दुर्गावती नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा है. नदी के उफान पर आने से मोहनिया के ग्रामीण इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति बनने लगी है. अमरपुरा और बेलौड़ी गांव के सिवान तक नदी का पानी पहुंच गया है.
आपके शहर में
ग्रामीण इलाकों में बढ़ी चिंता
नदी का पानी लगातार बढ़ने से आसपास के ग्रामीणों की चिंता बढ़ गयी है. जलस्तर इसी तरह बढ़ता रहा तो निचले इलाकों में पानी फैलने की आशंका है. ग्रामीणों को नदी और जलजमाव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी गयी है.
एसडीएम ने प्रभावित क्षेत्रों का किया निरीक्षण
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन भी सतर्क हो गया है. बुधवार को एसडीएम रत्ना प्रियदर्शिनी, बीडीओ और सीओ ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया और दुर्गावती नदी के बढ़ते जलस्तर से उत्पन्न स्थिति का जायजा लिया.
गांव में माइकिंग कराने का निर्देश
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने बेलौड़ी पंचायत के मुखिया को गांव में माइकिंग कराने का निर्देश दिया. इसके माध्यम से ग्रामीणों को नदी के बढ़ते जलस्तर को लेकर सतर्क रहने और जरूरी सावधानी बरतने की अपील करने को कहा गया.
बच्चों को नदी के पास नहीं जाने की अपील
एसडीएम ने विशेष रूप से बच्चों की सुरक्षा पर ध्यान देने का निर्देश दिया. उन्होंने ग्रामीणों से बच्चों को नदी और पानी से भरे क्षेत्रों की ओर नहीं जाने देने की अपील की, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके.
जलस्तर बढ़ा तो निचले इलाकों में फैल सकता है पानी
प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों से लगातार स्थिति पर नजर रखने और जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों की ओर जाने की अपील की है. दुर्गावती जलाशय से छोड़े गये पानी और लगातार बारिश के कारण नदी का जलस्तर बढ़ रहा है. यदि पानी बढ़ने का सिलसिला जारी रहा तो निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा और बढ़ सकता है.
कैमूर में महाराणा प्रताप महाविद्यालय की जमीन का हुआ हस्तांतरण, राज्यपाल के नाम हुई 5 एकड़ 2 डिसमिल जमीन
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए