कैमूर : भभुआ में उफनाई सुवरन नदी, शहर के पश्चिमी इलाकों में घुसा पानी, बाढ़ जैसे हालात से सहमे लोग
फोटो.लबालब बहती शहर के बीच से गुजरी सुवरन नदी | Prabhat Khabar Network
भभुआ में लगातार हो रही भारी बारिश से सुवरन नदी उफान पर है। नदी का पानी स्कूलों, अस्पतालों और कई घरों में घुस गया है, जिससे बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं।
भभुआ सदर. पहाड़ी और मैदानी इलाकों में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही झमाझम बारिश के बाद बुधवार को शहर से गुजरने वाली सुवरन नदी उफान पर आ गयी. रातभर हुई बारिश के कारण सुबह से ही नदी का जलस्तर बढ़ता रहा. नदी का पानी पटेल कॉलेज की चहारदीवारी तक पहुंच गया है, जबकि डीएवी स्कूल जाने वाली मुख्य सड़क के करीब भी पानी फैल गया है.
आपके शहर में
बढ़ते जलस्तर से आसपास के लोगों में चिंता
सुवरन नदी में लगातार बढ़ रहे पानी को देखते हुए नदी के आसपास रहने वाले लोगों में चिंता बढ़ गयी है. लोगों को आशंका है कि पहाड़ी इलाकों से पानी आने का सिलसिला जारी रहा तो नदी का जलस्तर और बढ़ सकता है. इस बारिश के मौसम में पहली बार सुवरन नदी में इस तरह पानी बढ़ने से शहर के पश्चिमी हिस्से के कई मोहल्ले प्रभावित होने लगे हैं.
दर्जनों गांवों के आसपास दिख रहा पानी ही पानी
लगातार बारिश के कारण जिला मुख्यालय के आसपास स्थित सिवों, मधुपुर कोरी, बबुरा, कुकराढ़, सारंगपुर और दुमदुम समेत दर्जनों गांवों के आसपास जलजमाव की स्थिति बन गयी है. कई इलाकों में चारों ओर पानी ही पानी नजर आ रहा है. इससे ग्रामीणों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
स्कूल और सरकारी कार्यालयों तक पहुंचा नदी का पानी
सुवरन नदी का पानी डीएवी स्कूल, चिल्ड्रेन गार्डेन स्कूल और विद्युत प्रमंडल कार्यालय के आसपास फैल गया है. पानी सेमरीया बस्ती तक पहुंच चुका है. इसके अलावा भभुआ-भगवानपुर पथ के पश्चिमी इलाके में भी अचानक आयी बाढ़ के कारण कई हिस्से जलमग्न हो गये हैं.
दक्षिणी और पूर्वी इलाकों में भी बिगड़े हालात
दक्षिणी दिशा में सिवों मेला के पास तक सुवरन नदी का पानी पहुंच गया है. वहीं भभुआ-मोहनिया मुख्य सड़क के पूर्वी हिस्से में भी बारिश का असर देखने को मिला. कोरी, सोनडीहरा, बबुरा और अखलासपुर से सटी बस्तियों में पानी फैल गया है.
कुकरनहिया नदी की चपेट में आया मंडल कारा
बारिश के कारण कुकरनहिया नदी का जलस्तर भी बढ़ गया है. बुधवार को नया बना मंडल कारा भी कुकरनहिया नदी के पानी की चपेट में आ गया. लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता और बढ़ गयी है.
ALSO READ : कैमूर में लगातार बारिश के बीच योग साधकों का उत्साह बरकरार, जल नेति और प्राणायाम का कराया गया अभ्यास
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए