कैमूर जिला फुटबॉल लीग में बड़गांव खुर्द का जलवा, विक्की उरांव के शानदार गोल से दुग्धा को 1-0 से हराया

Updated:
विज्ञापन

खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करते अतिथि एवं खिलाड़ियों के साथ अतिथि | Prabhat Khabar Network

कैमूर जिला फुटबॉल लीग में 36 साल बाद अधौरा के खिलाड़ियों ने शानदार वापसी की। बिरसा मुंडा क्लब ने दुग्धा को 1-0 से हराकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की।

विज्ञापन

Kaimur News : जिला फुटबॉल संघ के तत्वावधान में जगजीवन स्टेडियम, भभुआ में 18 अगस्त से चल रही जिला स्तरीय फुटबॉल लीग चैंपियनशिप में बुधवार को रोमांचक मुकाबले खेले गये. पहले मैच में बिरसा मुंडा फुटबॉल क्लब बड़गांव खुर्द, अधौरा ने सरना फुटबॉल क्लब दुग्धा, अधौरा को 1-0 से शिकस्त दी. वहीं, दूसरे मुकाबले में फुटबॉल क्लब देवरी, अधौरा ने भभुआ के खिलाफ 2-1 की बढ़त बना ली थी. हाफ टाइम के बाद भभुआ की टीम ने एक गोल कर मुकाबले को रोमांचक बना दिया.

आपके शहर में

विज्ञापन

36 साल बाद जिला लीग में उतरीं अधौरा की टीमें

बुधवार के मुकाबलों की खास बात यह रही कि 36 वर्षों के बाद कैमूर के सुदूर पहाड़ी क्षेत्र अधौरा के खिलाड़ियों को जिला स्तरीय फुटबॉल लीग में खेलने का अवसर मिला. इससे खिलाड़ियों के साथ-साथ खेलप्रेमियों में भी खासा उत्साह देखने को मिला. प्रतियोगिता के शुभारंभ के मौके पर जिला फुटबॉल संघ के अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह, उपाध्यक्ष बिरजू सिंह पटेल, पूर्व मुखिया अरविंद चौबे और नगर परिषद भभुआ के पूर्व उपसभापति अमजद अली ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया.

विक्की उरांव के गोल से बड़गांव खुर्द को मिली बढ़त

पहले मुकाबले के शुरुआती हाफ में दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया. दूसरे हाफ में बिरसा मुंडा फुटबॉल क्लब बड़गांव खुर्द के स्टार खिलाड़ी विक्की उरांव ने जर्सी नंबर 08 में बेहतरीन गोल दागकर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी. गोल होते ही स्टेडियम तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा.

बराबरी के लिए दुग्धा ने लगाया जोर

गोल खाने के बाद सरना फुटबॉल क्लब दुग्धा के खिलाड़ियों ने बराबरी के लिए कई प्रयास किये, लेकिन बड़गांव खुर्द के खिलाड़ियों ने मजबूत रक्षात्मक खेल का प्रदर्शन किया. टीम ने विपक्षी खिलाड़ियों को गोल करने का कोई मौका नहीं दिया. मैच समाप्त होने तक दूसरा गोल नहीं हुआ और बड़गांव खुर्द ने मुकाबला 1-0 से अपने नाम कर लिया.

जिला फुटबॉल संघ के सचिव निर्मल यादव ने कहा कि 36 वर्षों बाद पहली बार कैमूर के सुदूर पहाड़ी क्षेत्र अधौरा के खिलाड़ियों को जिला लीग में खेलने का अवसर मिला है. यह पूरे कैमूर के लिए गौरव की बात है. इससे पहाड़ी क्षेत्र के प्रतिभावान खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने का मंच मिलेगा.

देवरी ने दागे दो गोल, भभुआ ने एक गोल से वापसी की

दिन के दूसरे मुकाबले में फुटबॉल क्लब देवरी, अधौरा और फुटबॉल क्लब भभुआ आमने-सामने हुए. पहले हाफ में देवरी की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो गोल दागे. देवरी के स्टार खिलाड़ी दीपक कुमार ने जर्सी नंबर 10 से पहला गोल किया, जबकि हरिचंद्र सिंह ने जर्सी नंबर 12 से दूसरा गोल कर टीम को 2-0 की मजबूत बढ़त दिला दी.

हाफ टाइम के बाद भभुआ ने बढ़ाया रोमांच

हाफ टाइम तक देवरी की टीम 2-0 से आगे रही. इसके बाद भभुआ के खिलाड़ी अस्दुल्लाह ने जर्सी नंबर सात से गोल दागकर अपनी टीम की वापसी करायी. इससे भभुआ ने अंतर घटाकर 2-1 कर दिया. खबर लिखे जाने तक मुकाबला जारी था.

रेफरी और आयोजकों की रही अहम भूमिका

मंच संचालन जिला फुटबॉल संयोजक शौकत अली गद्दी ने किया. मुख्य रेफरी राजेश कुमार राय उर्फ गुड्डू राय रहे, जबकि सहायक रेफरी के रूप में असरफ अली, रौशन अली और इम्तियाज अली ने भूमिका निभायी. मौके पर कबीर अली, मुन्ना पाठक, जितेंद्र राम, मुकेश पटेल, भीम यादव, राजेंद्र राम, कृष्णा पटेल, जग नारायण यादव, सच्चिदानंद पाठक समेत बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे.

खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करते अतिथि एवं खिलाड़ियों के साथ अतिथि | Prabhat Khabar Network
खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करते अतिथि एवं खिलाड़ियों के साथ अतिथि | Prabhat Khabar Network
खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करते अतिथि एवं खिलाड़ियों के साथ अतिथि | Prabhat Khabar Network
खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करते अतिथि एवं खिलाड़ियों के साथ अतिथि | Prabhat Khabar Network
विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन