कैमूर में बाढ़ का खतरा बढ़ा, करकटगढ़ समेत पहाड़ी झरने उफान पर; कर्मनाशा, दुर्गावती और कुहिरा नदियों का बढ़ा जलस्तर
फोटो.23. उफान पर करकटगढ जल प्रपात | Prabhat Khabar Network
कैमूर में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण झरने और नदियां उफान पर हैं। वन विभाग ने लोगों को झरनों के पास न जाने की सख्त चेतावनी दी है।
Kaimur News : जिले में पिछले एक सप्ताह से हो रही लगातार बारिश के बाद कैमूर पहाड़ी क्षेत्र के जलप्रपात और झरने उफान पर हैं. पहाड़ों पर भारी बारिश के कारण करकटगढ़ जलप्रपात समेत अन्य झरनों में पानी का डिस्चार्ज काफी बढ़ गया है. इसे देखते हुए वन विभाग ने लोगों से पहाड़ी झरनों और जलप्रपातों से दूर रहने की अपील की है. विभाग ने सुरक्षा के मद्देनजर संवेदनशील स्थानों पर वनकर्मियों की तैनाती भी की है.
आपके शहर में
उफान पर करकटगढ़ समेत कई झरने
भारी बारिश के कारण कैमूर पहाड़ी के जलप्रपातों और झरनों के साथ दुर्गावती जलाशय से भी बड़ी मात्रा में पानी मैदानी क्षेत्र की ओर पहुंच रहा है. इसका असर पहाड़ी नदियों पर भी दिखाई दे रहा है. सुवर्णा, कर्मनाशा, कुहिरा, कुकरनहिया, गेहुआं और दुर्गावती नदियों का जलस्तर बढ़ने लगा है.
करकटगढ़ जलप्रपात, तेलहाड़ कुंड और बंशी खोह जैसे पर्यटन स्थलों पर पहाड़ों से सैकड़ों फीट नीचे गिरने वाला पानी इस समय बेहद तेज है. ऐसे में यदि कोई व्यक्ति, जंगली जीव या घरेलू पशु तेज बहाव की चपेट में आता है तो उसे बचाना बेहद मुश्किल हो सकता है.
बारिश में बढ़ जाता है कैमूर का आकर्षण
बरसात के मौसम में कैमूर पहाड़ी की प्राकृतिक सुंदरता देखते ही बनती है. पहाड़ों से गिरते झरने और चारों ओर हरियाली पर्यटकों को आकर्षित करती है. इसी वजह से जिले के साथ-साथ दूसरे क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग बारिश के दौरान कैमूर पहाड़ी और जलप्रपातों का रुख करते हैं.
हालांकि, इस समय झरनों में पानी का बहाव सामान्य दिनों की तुलना में काफी अधिक है. ऐसे में पर्यटन का आनंद लेने के दौरान सुरक्षा की अनदेखी जानलेवा साबित हो सकती है.
झरनों के पास जाने से रोक रहे वनकर्मी
वन प्रमंडल पदाधिकारी संजीव रंजन ने बताया कि पहाड़ी झरनों से इस समय भारी मात्रा में पानी डिस्चार्ज हो रहा है. इसे देखते हुए लोगों को झरनों से दूर रहने की सलाह दी गयी है. संवेदनशील स्थानों पर वन विभाग के कर्मियों को भी तैनात किया गया है, जो झरनों के आसपास पहुंचने वाले लोगों को रोककर वापस जाने की सलाह दे रहे हैं.
जंगली जीवों से भी दूरी बनाए रखने की अपील
डीएफओ ने बताया कि भारी बारिश के दौरान जंगली जीव भी सुरक्षित स्थानों की तलाश में अपने ठिकाने बदलते हैं. ऐसे में लोगों को पहाड़ी और जंगल क्षेत्र में अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है. वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे तेज बहाव वाले झरनों, जलप्रपातों और पहाड़ी नदियों के किनारे जाने से बचें.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए