कैमूर में तीन दिन से लापता किशोर रेलवे स्टेशन से बरामद, CCTV फुटेज ने खोला राज; परिजनों ने ली राहत की सांस
थाने में किशोर के साथ थानाध्यक्ष | Prabhat Khabar Network
रामगढ़ में गैरेज के पैसों के हिसाब को लेकर घर से निकले किशोर को पुलिस ने भभुआ रोड रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया है।
Kaimur News : थाना क्षेत्र के रामगढ़ गांव से तीन दिन पहले लापता हुआ किशोर पुलिस की तत्परता और सीसीटीवी फुटेज की मदद से सकुशल बरामद कर लिया गया. पुलिस ने किशोर को मोहनिया स्थित भभुआ रोड रेलवे स्टेशन से बरामद करने के बाद आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी कर परिजनों को सौंप दिया. किशोर के सकुशल मिलने के बाद परिजनों के साथ-साथ गैरेज संचालक ने भी राहत की सांस ली.
आपके शहर में
गैरेज में रुपये के हिसाब को लेकर हुआ था विवाद
बरामद किशोर की पहचान रामगढ़ निवासी स्वर्गीय बासगीत कुशवाहा के पुत्र हरेंद्र कुमार उर्फ लालू के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार हरेंद्र पिछले कई महीनों से थाने से महज 50 मीटर की दूरी पर स्थित एक मोटर गैरेज में काम करता था. इसी दौरान कुछ रुपये के हिसाब में कथित हेरफेर की जानकारी गैरेज मालिक को हुई.
इसके बाद गैरेज संचालक ने किशोर से रुपये के संबंध में पूछताछ की और रुपये वापस करने का दबाव बनाया. बताया जाता है कि इसी बात से परेशान होकर हरेंद्र बिना किसी को बताए घर से निकल गया.
अचानक लापता हुआ तो परिजनों ने पुलिस को दी सूचना
किशोर के अचानक लापता होने के बाद परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला. इसके बाद पुलिस को भी मामले की जानकारी दी गयी. शुरुआती तौर पर परिजनों और पुलिस की आशंका गैरेज संचालक की ओर भी गयी. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने किशोर की तलाश तेज कर दी.
टेंपो चालक से मिला अहम सुराग
तलाश के दौरान पुलिस को एक टेंपो चालक से किशोर के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिला. टेंपो चालक की निशानदेही के आधार पर पुलिस ने मोहनिया स्थित भभुआ रोड रेलवे स्टेशन पर किशोर की तलाश शुरू की.
थानाध्यक्ष सुमित कुमार ने बताया कि टेंपो चालक से मिली जानकारी के आधार पर थाने के एक पदाधिकारी को भभुआ रोड रेलवे स्टेशन भेजा गया. वहां स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की बारीकी से जांच की गयी.
सीसीटीवी फुटेज में दिखा किशोर, पुलिस ने किया बरामद
सीसीटीवी फुटेज की जांच के दौरान पुलिस को किशोर की गतिविधियां नजर आयीं. फुटेज के आधार पर उसकी पहचान सुनिश्चित की गयी और पुलिस ने उसे सकुशल बरामद कर लिया. इसके बाद आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी कर किशोर को उसके परिजनों के हवाले कर दिया गया.
तीन दिन बाद घर लौटा तो परिवार में छायी खुशी
तीन दिनों से लापता किशोर के सकुशल मिलने से उसके परिवार में खुशी का माहौल है. परिजनों ने पुलिस की तत्परता की सराहना की. वहीं, मामले में गैरेज संचालक को लेकर जो आशंका बनी हुई थी, किशोर की बरामदगी के बाद फिलहाल उस पर भी विराम लग गया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए