कैमूर में बाढ़ के बीच स्कूलों पर अलर्ट, प्रभावित विद्यालयों का संचालन तत्काल स्थगित कराने का निर्देश

Updated:
विज्ञापन

आदेश का कॉपी | Prabhat Khabar Network

लगातार बारिश और बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी ने बाढ़ प्रभावित स्कूलों को तत्काल बंद करने और सुरक्षा के कड़े निर्देश जारी किए हैं।

विज्ञापन

Kaimur Weather Update : कैमूर जिले में लगातार हो रही बारिश और स्थानीय नदियों के बढ़ते जलस्तर के बीच विद्यालयों की सुरक्षा को लेकर शिक्षा विभाग ने अलर्ट जारी किया है. बाढ़ और जलजमाव की स्थिति को देखते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय ने सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में प्रभावित और बाढ़ की आशंका वाले विद्यालयों को चिन्हित करने का निर्देश दिया है. जिन स्कूलों में पानी पहुंच गया है या विद्यार्थियों के आवागमन में खतरा है, उनका संचालन तत्काल स्थगित कराने को कहा गया है.

आपके शहर में

विज्ञापन

नदी किनारे और निचले इलाकों के स्कूलों पर विशेष नजर

जिला शिक्षा पदाधिकारी साकेत रंजन की ओर से जारी कार्यालय आदेश में कहा गया है कि लगातार बारिश के कारण स्थानीय नदियों का जलस्तर बढ़ रहा है. नदियों के जलग्रहण क्षेत्रों में पानी का दबाव बढ़ने से कई स्थानों पर बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होने की आशंका है. ऐसे में नदी किनारे, तटबंधों के आसपास और निचले इलाकों में स्थित विद्यालयों की स्थिति पर लगातार नजर रखने की जरूरत है.

विभाग ने स्पष्ट किया है कि विद्यार्थियों की सुरक्षा को किसी भी परिस्थिति में नजरअंदाज नहीं किया जाए. स्थानीय परिस्थितियों का आकलन कर समय पर आवश्यक निर्णय लेने का निर्देश अधिकारियों को दिया गया है.

बाढ़ प्रभावित स्कूलों का संचालन तत्काल स्थगित कराने का निर्देश

सभी बीईओ को अपने-अपने प्रखंड में बाढ़ प्रभावित और बाढ़ की आशंका वाले विद्यालयों की पहचान करने को कहा गया है. जिन स्कूलों में पानी पहुंच गया है, जलजमाव है या विद्यार्थियों के आने-जाने में खतरा उत्पन्न हो रहा है, वहां विद्यालय संचालन तत्काल स्थगित कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है.

विभाग ने कहा है कि स्कूल बंद रखने का निर्णय केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं होना चाहिए. क्षेत्र की वास्तविक स्थिति को देखते हुए विद्यार्थियों और शिक्षकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देकर समय पर फैसला लिया जाए.

प्रभावित स्कूलों के शिक्षक सुरक्षित विद्यालयों से जोड़े जाएंगे

बाढ़ या जलजमाव के कारण जिन विद्यालयों का संचालन स्थगित किया जाएगा, वहां कार्यरत शिक्षकों को नजदीकी सुरक्षित विद्यालयों से संबद्ध किया जाएगा. इससे प्रभावित स्कूलों के बंद रहने के दौरान शिक्षकों की विभागीय कार्य व्यवस्था बनी रहेगी.

बीईओ को अपने क्षेत्र के विद्यालयों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने और जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है. साथ ही प्रभावित विद्यालयों पर की गयी कार्रवाई और स्कूल बंद रखने की सूचना अविलंब जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय को उपलब्ध कराने को कहा गया है.

प्रभावित स्कूलों की रिपोर्ट तत्काल मांगी गयी

जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय ने सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों से प्रभावित विद्यालयों की स्थिति की रिपोर्ट भी मांगी है. रिपोर्ट के आधार पर यह स्पष्ट किया जाएगा कि किन विद्यालयों में बाढ़, जलजमाव अथवा आवागमन की समस्या के कारण संचालन प्रभावित हो रहा है.

डीएम समेत वरीय अधिकारियों को भेजी गयी आदेश की प्रति

कार्यालय आदेश की प्रतिलिपि सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों के अलावा जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, उप विकास आयुक्त, जिला पदाधिकारी और शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव के आप्त सचिव को भी सूचना एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गयी है.

शिक्षा विभाग ने वर्तमान मौसम और नदियों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए विद्यालयों में सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया है. प्रशासन का उद्देश्य है कि बाढ़ या जलजमाव की स्थिति में किसी भी विद्यार्थी को जोखिम उठाकर विद्यालय नहीं जाना पड़े.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन