कैमूर: रामगढ़ थाने से चंद कदम दूर ज्वेलरी व्यवसायी पर फायरिंग, लाखों के जेवर लूटने की कोशिश नाकाम

Updated:
विज्ञापन
फोटो,,,थाने में जान बचाकर पहुंचा व्यवसाई,  फोटो,,,,घटनास्थल पर पहुंची पुलिस  फोटो,,,घटनास्थल पर बरामद खोखा व चप्पल,   | Prabhat Khabar Network

फोटो,,,थाने में जान बचाकर पहुंचा व्यवसाई, फोटो,,,,घटनास्थल पर पहुंची पुलिस फोटो,,,घटनास्थल पर बरामद खोखा व चप्पल, | Prabhat Khabar Network

कैमूर जिले में बेखौफ अपराधियों ने थाने के पास ज्वेलरी व्यवसायी को गोली मारकर लूटने का असफल प्रयास किया. व्यवसायी ने साहस दिखाते हुए अपनी जान और लाखों के जेवर बचाए. घटना से लोगों में भारी रोष है.

विज्ञापन

Kaimur News: कैमूर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र से एक बेखौफ आपराधिक वारदात सामने आई है. थाने से महज कुछ ही दूरी पर शुक्रवार की देर शाम नकाबपोश अपराधियों ने फायरिंग कर एक ज्वेलरी व्यवसायी से लूट का असफल प्रयास किया. गनीमत यह रही कि अपराधियों द्वारा चलाई गई गोली व्यवसायी को नहीं लगी. व्यवसायी ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए लाखों रुपये के आभूषणों से भरा बैग अपराधियों को नहीं दिया और किसी तरह थाना परिसर की ओर भागकर अपनी जान बचाई.

दुकान बंद कर लौट रहे व्यवसायी को 6 अपराधियों ने घेरा

मिली जानकारी के अनुसार, अंबेडकर चौक स्थित 'मनोज आभूषण केंद्र' के संचालक मनोज वर्मा (पिता: रामलाल सेठ) अपनी दुकान बंद कर कर्मचारी शशि कुमार (पिता: प्रेम खरवार) के साथ बाइक से घर लौट रहे थे. उनके पास दुकान के आभूषणों से भरा बैग था.

जैसे ही वे रामगढ़ थाना की दक्षिणी बाउंड्री वॉल से सटी गली में मुड़े, तभी दो मोटरसाइकिलों पर सवार 6 अपराधियों ने उन्हें अचानक घेर लिया.

रंगदारी में नाकाम होने पर अपराधियों ने चलाई गोली

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अपराधियों ने पिस्टल दिखाकर जेवरों से भरा बैग छीनने की कोशिश की, लेकिन मनोज वर्मा ने हिम्मत दिखाते हुए बैग छोड़ने से मना कर दिया. इसी छीना-झपटी के दौरान एक अपराधी ने उन पर सीधा फायर कर दिया. गोली निशाने से चूक गई, जिसके बाद व्यवसायी शोर मचाते हुए तेजी से थाने की तरफ भागे. अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया.

सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस, मौके से खोखा बरामद

घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल से एक इस्तेमाल किया गया गोली का खोखा और एक अपराधी की चप्पल बरामद की है. आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगालकर अपराधियों की शिनाख्त की जा रही है.

थाने के पास वारदात से लोगों में भारी रोष

एक तरफ जहां पुलिस अधीक्षक (SP) शिखर चौधरी लगातार देर रात थानों का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा दुरुस्त करने में लगे हैं, वहीं दूसरी ओर थाने के ठीक बगल में हुई इस दुस्साहसिक वारदात से स्थानीय दुकानदारों और नागरिकों में भारी आक्रोश और दहशत है. लोग पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं और जल्द से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं.


विज्ञापन
Sanjay Jaiswal

लेखक के बारे में

By Sanjay Jaiswal

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन