कैमूर: बारिश के बाद रामगढ़ में तेज हुई धान रोपनी, पैक्स से डीएपी खाद वितरण भी हुआ

Author Sanjay jaiswal|Edited by Vivek Singh
Updated:
विज्ञापन
फोटो,,,पैक्स गोदाम में पहुंचा डीएपी खाद,  | Prabhat Khabar Network

फोटो,,,पैक्स गोदाम में पहुंचा डीएपी खाद, | Prabhat Khabar Network

रविवार की बारिश ने खरीफ खेती को नई जान फूंकी है। रामगढ़ पैक्स में किसानों के लिए डीएपी खाद का वितरण तेज कर दिया गया है, अब तक 400 बोरी वितरित की जा चुकी है। सोमवार से 200 बोरी और उपलब्ध होगी।

विज्ञापन

Kaimur News : रविवार सुबह हुई झमाझम बारिश ने खरीफ खेती को नई रफ्तार दे दी है. खेतों में पर्याप्त नमी मिलने के बाद किसान ट्रैक्टर से जुताई और धान की रोपनी में जुट गए हैं. इसी बीच किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए रामगढ़ पैक्स में डीएपी खाद का वितरण भी तेज कर दिया गया है.

अब तक 400 बोरी डीएपी का वितरण, आधार कार्ड पर मिल रही खाद

रामगढ़ पैक्स अध्यक्ष राजीव कुमार सिंह उर्फ राजू ने बताया कि खरीफ सीजन को देखते हुए अब तक 400 बोरी डीएपी खाद किसानों के बीच वितरित की जा चुकी है. सरकारी निर्धारित दर पर आधार कार्ड के आधार पर प्रत्येक किसान को अधिकतम पांच बोरी डीएपी उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि अधिक से अधिक किसानों को इसका लाभ मिल सके.

सोमवार से मिलेगी 200 बोरी और डीएपी

पैक्स अध्यक्ष ने बताया कि समिति को 200 बोरी डीएपी खाद का नया आवंटन मिला है, जिसका वितरण सोमवार सुबह आठ बजे से शुरू किया जाएगा. उन्होंने कहा कि पंचायत के किसानों की जरूरत के अनुसार खाद उपलब्ध कराने का लगातार प्रयास किया जा रहा है.

खाद की आपूर्ति मांग के मुकाबले कम, अतिरिक्त आवंटन की उम्मीद

राजीव कुमार सिंह ने बताया कि वर्तमान में विभाग से सहकारी समितियों को अपेक्षाकृत कम मात्रा में उर्वरक मिल रहा है. नियमानुसार उर्वरक का वितरण बिस्कोमान, खुदरा विक्रेताओं और सहकारी समितियों के बीच तय अनुपात में होना चाहिए, लेकिन अब तक पंचायत के लिए केवल 600 बोरी डीएपी उपलब्ध कराई गई है, जिससे बढ़ती मांग के अनुरूप आपूर्ति प्रभावित हो रही है.

किसानों से अनावश्यक भंडारण नहीं करने की अपील

उन्होंने बताया कि तीन दिन पहले उर्वरक बिक्री की अनुमति प्राप्त चार पैक्सों के प्रतिनिधियों ने जिला सहकारिता पदाधिकारी से मिलकर खाद की कमी का मुद्दा उठाया है. अतिरिक्त आवंटन मिलने की उम्मीद जताते हुए उन्होंने किसानों से अपील की कि वे घबराकर खाद का अनावश्यक भंडारण न करें और केवल अपनी वास्तविक आवश्यकता के अनुसार ही डीएपी प्राप्त करें.


विज्ञापन
Sanjay Jaiswal

लेखक के बारे में

By Sanjay Jaiswal

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन