कैमूर: रामगढ़ पहाड़ी की तलहटी में पुलिस की छापेमारी, महुआ शराब बरामद
बरामद शराब | Prabhat Khabar Network
भगवानपुर पुलिस ने रामगढ़ पहाड़ी के पास छापेमारी कर 35 लीटर देशी महुआ शराब बरामद की है। मुख्य धंधेबाज फरार है, जबकि एक शराबी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
Kaimur News : भगवानपुर थाना क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है. थानाध्यक्ष चंद्रशेखर शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर रामगढ़ पहाड़ी की तलहटी में झरने के पास छापेमारी की. इस दौरान पुलिस ने 35 लीटर महुआ निर्मित देशी शराब बरामद की. हालांकि, पुलिस की भनक लगते ही शराब बेचने वाला धंधेबाज मौके से फरार हो गया. वहीं, शराब का सेवन कर रहे लोगों में भी अफरा-तफरी मच गयी और वे मौके से भाग निकले. इस दौरान पुलिस ने एक शराबी को गिरफ्तार कर लिया.
आपके शहर में
झरने के पास चल रहा था शराब का कारोबार, पुलिस पहुंचते ही मचा हड़कंप
थानाध्यक्ष चंद्रशेखर शर्मा ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि रामगढ़ गांव निवासी इब्राहिम इदरीसी का पुत्र अफजल अली गांव के समीप पहाड़ी की तराई में झरने के पास अवैध रूप से शराब की बिक्री कर रहा है. सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने दल-बल के साथ चिन्हित स्थान पर छापेमारी की. पुलिस के पहुंचते ही वहां मौजूद लोगों में भगदड़ मच गयी. शराब का धंधा करने वाला अफजल अली मौके से फरार हो गया, जबकि शराब का सेवन कर रहे लोग भी इधर-उधर भागने लगे.
35 पॉलिथीन में मिली करीब 35 लीटर महुआ शराब
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से 35 पॉलिथीन में बंधी करीब 35 लीटर महुआ निर्मित देशी शराब बरामद की. बरामद शराब को जब्त कर पुलिस थाने ले आयी. पुलिस अब फरार धंधेबाज की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.
शराब पी रहा एक व्यक्ति पुलिस के हत्थे चढ़ा
पुलिस की कार्रवाई के दौरान मौके से रामगढ़ गांव निवासी उपेंद्र साह को शराब के नशे में पकड़ा गया. पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया. थानाध्यक्ष ने बताया कि शराब के अवैध कारोबार और सेवन के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है.
फरार धंधेबाज की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
पुलिस ने चिन्हित धंधेबाज अफजल अली के खिलाफ बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है. उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार छापेमारी कर रही है. पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री, निर्माण और सेवन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए