चांद में मेडिकल जांच के दौरान हथकड़ी समेत शराब मामले का अभियुक्त फरार, पुलिस के सामने दोबारा भी भाग निकला
बबलू यादव | Prabhat Khabar Network
Kaimur News : चांद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मेडिकल जांच के लिए लाए गए बबलू यादव ने पानी पीने का बहाना बनाकर हथकड़ी समेत पुलिस अभिरक्षा से भाग निकला. नौडीहा गांव में दोबारा भी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया.
Kaimur News : चांद पुलिस ने शराब सेवन और शराब तस्करी के मामलों में गिरफ्तार पांच अभियुक्तों को बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, चांद में मेडिकल जांच के लिए पहुंचाया था. इसी दौरान नौडीहा गांव निवासी कमलेश यादव के पुत्र बबलू यादव ने पानी पीने का बहाना बनाया और मौका पाकर हथकड़ी समेत पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया. काफी देर तक उसके वापस नहीं लौटने पर पुलिसकर्मियों ने उसकी तलाश शुरू की.
नौडीहा गांव में भी पुलिस के हाथ से निकल गया
अभियुक्त के फरार होने की सूचना मिलने के बाद पुलिस को उसके नौडीहा गांव में होने की जानकारी मिली. पुलिस वहां पहुंची तो बताया जाता है कि उस समय बबलू यादव कपड़े बदल रहा था. पुलिस और चौकीदारों ने उसे पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह हाथ छुड़ाकर वहां से भी भागने में सफल रहा. इसके बाद पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है.
Also Read : नोखा में पंचायत खेल क्लबों की समीक्षा बैठक, खेल प्रतिभाओं की पहचान और पंजीकरण पर जोर
पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर मेडिकल जांच के लिए ले गयी थी पुलिस
जानकारी के अनुसार, चांद पुलिस ने शराब सेवन और शराब तस्करी के मामलों में पांच लोगों को गिरफ्तार किया था. इनमें नौडीहा गांव निवासी कमलेश यादव के पुत्र बबलू यादव, लेदरी गांव निवासी भानु बिंद के पुत्र मनोज कुमार, अमांव गांव निवासी बंटू राम के पुत्र सुनील राम तथा शराब तस्करी के मामले में कृष्ण यादव, पिता संजय यादव और श्रीराम कुमार, पिता राम आशीष यादव शामिल थे. पुलिस सभी पांचों आरोपियों को हथकड़ी लगाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, चांद में मेडिकल जांच के लिए लेकर पहुंची थी.
चार आरोपियों को मेडिकल जांच के बाद भेजा गया न्यायालय
बबलू यादव के हथकड़ी समेत फरार होने के बाद पुलिस की परेशानी बढ़ गयी है. पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी और खोजबीन कर रही है. वहीं, गिरफ्तार अन्य चार आरोपियों का मेडिकल जांच कराने के बाद पुलिस ने उन्हें न्यायालय भेज दिया.
Also Read : यूजीसी रेगुलेशन-2026 के विरोध में 20 सितंबर को आक्रोश मार्च, आंदोलन को निर्णायक चरण में ले जाने का ऐलान
पहले भी उत्पाद विभाग की हाजत से फरार हो चुका है अभियुक्त
जिले में शराब के मामलों में गिरफ्तार अभियुक्तों के पुलिस या सुरक्षा अभिरक्षा से फरार होने की हालिया घटनाओं के बीच यह दूसरी घटना बतायी जा रही है. इससे पहले उत्पाद विभाग की हाजत से शराब के धंधे के मामले में गिरफ्तार एक अभियुक्त फरार हो गया था. चांद की घटना के बाद पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं.
गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी
इस संबंध में प्रभारी थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि प्राथमिक अभियुक्त बबलू यादव मेडिकल जांच के दौरान पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया है. उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार तलाश और छापेमारी कर रही है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए