पंडाल लगाने के दौरान करेंट की चपेट में आने से मजदूर की मौत
Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 20 Sep 2024 8:52 PM
शुक्रवार की सुबह थाना क्षेत्र के खुदरा गांव में टेंट पंडाल में काम कर रहे एक मजदूर की बिजली करेंट की चपेट में आ जाने से मौत हो गयी. मृतक बढ़ागांव का धर्मेंद्र राम बताया गया है
नुआंव. शुक्रवार की सुबह थाना क्षेत्र के खुदरा गांव में टेंट पंडाल में काम कर रहे एक मजदूर की बिजली करेंट की चपेट में आ जाने से मौत हो गयी. मृतक बढ़ागांव का धर्मेंद्र राम बताया गया है. जानकारी के अनुसार, धर्मेंद्र अपने बेटे सरोज कुमार, मामा सदन राम के साथ नुआंव के एक टेंट हाउस के संवेदक के साथ खुदरा गांव में पंडाल लगाने के लिए गया था. इसी दौरान करेंट की चपेट में आने से उसकी मौत हो गयी. मृतक के बेटे सरोज ने बताया पापा लोहे की सीढ़ी पर चढ़कर बिजली का काम कर रहे थे, इसी दौरान वह बिजली करेंट का झटका खाकर जमीन पर नीचे गिर पड़े और मुंह से झाग निकलने लगा. हमलोगों ने तुरंत घरेलू नुस्खा राख से मालिश करनी शुरू कर दी, किंतु पापा ने दम तोड़ दिया. वहीं, मृतक के मामा सदन राम ने बताया कि वह भांजे के साथ काम कर रहे थे. धर्मेंद्र सामान लाने के लिए उन्हें सीढ़ी से कुछ दूर भेजा, अभी सामान ला ही रहे थे कि अचानक वह नीचे गिरकर छटपटाने लगे. इसके बाद आनन-फानन में जिनके घर पंडाल लग रहा था उनकी स्कॉर्पियो से नुआंव प्राइवेट अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. टेंट हाउस के मालिक द्वारा हम लोगों को शव के साथ घर पर छोड़ा गया. वहीं, बढ़ागांव के अनिल तिवारी ने कहा मृतक धर्मेंद्र ठेला चला व मजदूरी करके किसी तरह अपने दो बेटे व दो बेटियों की परवरिश कर रहा था. उसकी मौत से पूरा परिवार सड़क पर आ गया है. धर्मेंद्र के गांव वालों ने मृतक के आश्रितों को मुआवजा देने की मांग की है. उक्त संबंध में थानाध्यक्ष रोशन कुमार ने बताया शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेजा जा रहा है. परिजनों द्वारा अभी किसी प्रकार का कोई आवेदन नहीं दिया गया है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










