जिला फुटबॉल लीग में भभुआ की नेशनल बॉय एकेडमी ने चांद को 1-0 से हराया

Updated:
विज्ञापन

फोटो 17खिलाड़ी एवं अतिथि | Prabhat Khabar Network

कैमूर जिला स्तरीय फुटबॉल लीग में नेशनल बॉय फुटबॉल एकेडमी भभुआ ने मानव भारती चांद को 1-0 से हराकर रोमांचक जीत दर्ज की। इंद्रजीत कुमार ने दागा निर्णायक गोल।

विज्ञापन

Kaimur News : जिला फुटबॉल संघ कैमूर के तत्वावधान में जगजीवन स्टेडियम, भभुआ में आयोजित जिला स्तरीय फुटबॉल लीग चैंपियनशिप के तहत सोमवार को दो मुकाबले खेले गये. पहले मैच में नेशनल बॉय फुटबॉल एकेडमी भभुआ ने मानव भारती फुटबॉल क्लब चांद को 1-0 से हराकर शानदार जीत दर्ज की. मैच में दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह के साथ खेल का प्रदर्शन किया.

आपके शहर में

विज्ञापन

पहले हाफ में दोनों टीमें नहीं कर सकीं गोल

मैच के शुरुआती हाफ में दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला. मानव भारती फुटबॉल क्लब चांद और नेशनल बॉय फुटबॉल एकेडमी भभुआ के खिलाड़ियों ने गोल करने के लिए लगातार आक्रमण किए. हालांकि, दोनों टीमों की मजबूत रक्षापंक्ति के कारण किसी भी टीम को सफलता नहीं मिली. बेहतरीन डिफेंस के चलते पहला हाफ गोलरहित रहा.

इंद्रजीत के गोल से भभुआ को मिली बढ़त

दूसरे हाफ में नेशनल बॉय फुटबॉल एकेडमी भभुआ के खिलाड़ियों ने बेहतर तालमेल के साथ आक्रामक खेल दिखाया. टीम के जर्सी नंबर 10 खिलाड़ी इंद्रजीत कुमार ने शानदार खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए निर्णायक गोल दाग दिया. गोल होते ही भभुआ की टीम को 1-0 की बढ़त मिल गयी.

बराबरी के लिए चांद ने किया जोरदार प्रयास

गोल खाने के बाद मानव भारती फुटबॉल क्लब चांद के खिलाड़ियों ने मैच में वापसी के लिए कई प्रयास किए. टीम ने लगातार आक्रमण कर बराबरी का गोल करने की कोशिश की, लेकिन भभुआ की मजबूत रक्षापंक्ति ने सभी प्रयासों को नाकाम कर दिया. निर्धारित समय तक कोई और गोल नहीं हुआ और नेशनल बॉय फुटबॉल एकेडमी भभुआ ने 1-0 से मुकाबला अपने नाम कर लिया.

दूसरा मुकाबला अधौरा और देवरी के बीच

चैंपियनशिप के दूसरे मुकाबले में इलेवन स्टार क्लब अधौरा और फुटबॉल क्लब देवरी की टीमें आमने-सामने हुईं. समाचार लिखे जाने तक दोनों टीमों के बीच मुकाबला जारी था. मैच को देखने के लिए बड़ी संख्या में फुटबॉल प्रेमी और दर्शक स्टेडियम में मौजूद रहे.

अतिथियों ने खिलाड़ियों से किया परिचय

मैच का शुभारंभ दीघार, अधौरा के मुखिया सह पैक्स अध्यक्ष भोला सिंह यादव, जिला फुटबॉल संघ के उपाध्यक्ष बिरजू सिंह पटेल, बुल्लू यादव एवं पूर्व जिला परिषद सदस्य कमलेश राम ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया. मुख्य रेफरी की भूमिका अमजद अली ने निभायी. सहायक रेफरी के रूप में अशरफ अली, अयूब अली और इम्तियाज अली ने जिम्मेदारी संभाली.

मंच का संचालन जिला फुटबॉल संयोजक शौकत अली गद्दी ने किया. इस अवसर पर जिला फुटबॉल संघ के मीडिया प्रभारी तुलसी पटेल, कबीर अली, संदीप सेठ, भीम पटेल, जितेंद्र राम, मुकेश पटेल, बाबा सहित बड़ी संख्या में फुटबॉल प्रेमी और दर्शक मौजूद रहे.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन