कैमूर : पहली क्राइम मीटिंग में SP शिखर चौधरी का एक्शन, लापरवाही पर इंस्पेक्टर का वेतन रोका

सभी थानाध्यक्ष के साथ बैठक करते एसपी | Prabhat Khabar Network
Kaimur News : कैमूर के नए एसपी शिखर चौधरी ने अपना पहला क्राइम मीटिंग आयोजित किया. उन्होंने भ्रष्टाचार मुक्त पुलिसिंग को पहली प्राथमिकता बताते हुए अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने का निर्देश दिया.
Kaimur News : करीब 15 दिनों पहले कैमूर जिले में नए एसपी के रूप में योगदान देने वाले शिखर चौधरी ने गुरुवार को अपना पहला क्राइम मीटिंग किया. इस मीटिंग के दौरान उन्होंने स्पष्ट रूप से सभी पुलिस पदाधिकारियों को यह संदेश दिया कि भ्रष्टाचार मुक्त पुलिसिंग हमारी पहली प्राथमिकता है. इसके साथ ही, हम भ्रष्टाचार और अपराध पर जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम करेंगे. उन्होंने सभी पुलिस पदाधिकारियों को यह बता दिया कि वह थाना आने वाले पीड़ित व्यक्ति के साथ बेहतर व्यवहार करें और अपराधियों के ऊपर सख्ती से कार्रवाई करें.
अपराधियों पर निरंतर निगरानी का निर्देश
मीटिंग के दौरान एसपी ने कहा कि अपराध नियंत्रण के लिए गश्ती को बढ़ाएं. इसके साथ ही, जितने भी मोस्ट वांटेड क्रिमिनल हैं, उनकी अपने-अपने क्षेत्र में सूची बनाकर अगर वह जमानत पर हैं, तो उनके ऊपर निरंतर निगरानी रखें और अगर उनके ऊपर किसी मामले में वारंट है, तो उन्हें गिरफ्तार कर तत्काल जेल भेजना सुनिश्चित करेंगे.
वारंट और कुर्की के पेंडिंग मामलों को त्वरित निष्पादित करने का निर्देश
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण के लिए सबसे ज्यादा जरूरी है कि अपराधियों के ऊपर वारंट और कुर्की के जितने भी मामले हैं, उनको त्वरित गति से निष्पादित किया जाए. जिन लोगों का नाम गुंडा पंजी में दर्ज है, उन पर लगातार निगरानी रखी जाए. इसलिए अपने-अपने क्षेत्र में जितने भी वारंट और कुर्की के मामले पेंडिंग पड़े हुए हैं, उनको त्वरित गति से निष्पादित करना सुनिश्चित करें.
लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों पर होगी कार्रवाई
इसके साथ ही, थानाध्यक्ष, सर्किल इंस्पेक्टर से लेकर एसडीपीओ तक अपने अधीनस्थ थाना क्षेत्र में यह सुनिश्चित करेंगे कि पेट्रोलिंग ठीक ढंग से की जा रही है अथवा नहीं. ठीक ढंग से पेट्रोलिंग, अनुसंधान एवं वारंट-कुर्की का निष्पादन नहीं करने वाले पुलिस पदाधिकारियों के ऊपर कार्रवाई की जाएगी.
कांड के अनुसंधान में लापरवाही बरतने पर इंस्पेक्टर का वेतन रोका
एसपी के द्वारा अपने पहले क्राइम मीटिंग में जब सभी थानों के दर्ज प्राथमिकी के अनुसंधान की प्रगति देखी गई, तो पाया गया कि एक इंस्पेक्टर के द्वारा अनुसंधान में रुचि नहीं दिखाई जा रही है. इस पर एसपी के द्वारा तत्काल उनके वेतन पर रोक लगा दी गई है. इसके साथ ही, एसपी ने बैठक में सभी थानेदारों को यह निर्देश दिया कि उनके थाना में जितने प्राथमिकी दर्ज हो रहे हैं, वे उससे अधिक प्राथमिकी का निष्पादन करना सुनिश्चित करें. एसपी के क्राइम मीटिंग में सभी डीएसपी, एसडीपीओ, इंस्पेक्टर एवं थानेदार मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










