कैमूर में बिजली गिरने से टेंट हाउस में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख; इलाके में मची अफरा-तफरी
Published by : Ragini Sharma Updated At : 29 May 2026 1:33 PM
Kaimur News: कैमूर में शुक्रवार सुबह आकाशीय बिजली गिरने से एक टेंट व्यवसायी का लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और दमकल टीम की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया.
Kaimur News:(रंजय जायसवाल) कैमूर जिले के रामगढ़ नगर पंचायत के वार्ड संख्या सात में शुक्रवार की अहले सुबह तेज बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया. बिजली गिरने से एक किराए के मकान में आग लग गई, जहां शादी-विवाह में उपयोग होने वाला टेंट का सामान रखा गया था. घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई.
कुछ ही देर में लाखों का सामान जलकर राख
जानकारी के अनुसार, रामगढ़ बाजार निवासी गोलू गुप्ता टेंट व्यवसाय का काम करते हैं। उनका टेंट का सामान वार्ड संख्या सात स्थित एक किराए के मकान में रखा गया था. सुबह तेज बारिश के दौरान अचानक टिन शेड वाले मकान पर आकाशीय बिजली गिर गई। इसके बाद मकान से धुएं का गुबार उठने लगा और आग तेजी से फैल गई. देखते ही देखते कुर्सियां, सोफा, हाइड्रोलिक उपकरण समेत अन्य टेंट सामग्री धू-धू कर जलने लगी. इस घटना में करीब पांच लाख रुपये मूल्य का सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया.
ग्रामीणों ने खुद संभाला मोर्चा
आग लगने के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और अपने-अपने घरों से बाल्टी एवं सबमर्सिबल पाइप के जरिए आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया. स्थानीय युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक ने आग पर काबू पाने के लिए सामूहिक प्रयास किया.
दमकल विभाग ने काफी मशक्कत के बाद पाया काबू
घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ थाना और दमकल विभाग को जानकारी दी गई. इसके बाद दमकल की टीम मौके पर पहुंची और पाइप के माध्यम से आग बुझाने का कार्य शुरू किया गया. आग की भयावहता को देखते हुए मोहनिया से भी दमकल की बड़ी गाड़ी बुलानी पड़ी. काफी देर की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका.
इलाके में मायूसी और दहशत का माहौल
इस घटना के बाद पूरे इलाके में मायूसी और दहशत का माहौल है. पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है. स्थानीय लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं और लगातार पीड़ित परिवार को सांत्वना दे रहे हैं. रामगढ़ में आकाशीय बिजली गिरने से हुई इस घटना ने एक टेंट व्यवसायी को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचाया है. समय रहते ग्रामीणों और दमकल टीम की सक्रियता से आग पर काबू तो पा लिया गया, लेकिन लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया.
Also Read:कड़ी सुरक्षा के बीच सासाराम में सशक्त स्थायी समिति का चुनाव संपन्न, एसडीएम ने संभाली कमान
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










