प्रभात खबर की खबर का असर, पांच दिन से ठप PNB गोडसरा का लिंक दुरुस्त करने में जुटा BSNL
प्रभात खबर अखबार में प्रकाशित खबर दुर्गा चौक से सूर्य मंदिर जाने वाली मुख्य सड़क पर एक्सचेंज के सामने काम करता कर्मी, | Prabhat Khabar Network
रामगढ़ में पांच दिनों से ठप पीएनबी बैंक का लिंक खबर छपने के बाद बहाल होने की उम्मीद। बीएसएनएल ने तीन घंटे में सेवा शुरू करने का किया दावा।
पंजाब नेशनल बैंक गोडसरा का पिछले पांच दिनों से ठप पड़ा लिंक अब बहाल होने की उम्मीद जगी है. मंगलवार को प्रभात खबर में प्रमुखता से प्रकाशित खबर “लिंक फेल होने का खामियाजा भुगत रहे 30 हजार ग्राहक, शादी से लेकर इलाज तक अटके जरूरी काम” का असर बुधवार की सुबह देखने को मिला. खबर प्रकाशित होने के महज कुछ घंटे बाद बीएसएनएल के पदाधिकारियों और कर्मियों ने लिंक दुरुस्त करने का काम शुरू कर दिया.
दो से तीन घंटे में लिंक बहाल होने का दावा
बीएसएनएल कर्मी सोनू ने बुधवार की अहले सुबह रामगढ़ एक्सचेंज के सामने मरम्मत कार्य के दौरान बताया कि दो से तीन घंटे के अंदर पीएनबी गोडसरा के लिंक की व्यवस्था बहाल कर दी जायेगी. उन्होंने बताया कि मोहनिया के समीप सड़क खुदाई के दौरान केवल एक दिन लिंक बाधित हुआ था. इसके बाद पिछले चार दिनों से रामगढ़ बीएसएनएल एक्सचेंज के आगे तार पर गिरे पेड़ के कारण लिंक बाधित रहा.
बैंक प्रबंधन के दावे से अलग सामने आयी वजह
खास बात यह है कि पांच दिनों से लिंक फेल रहने को लेकर बैंक प्रबंधन की ओर से मोहनिया के समीप सड़क खुदाई के दौरान केबल क्षतिग्रस्त होने की बात बतायी जा रही थी. हालांकि, बीएसएनएल कर्मी के अनुसार मोहनिया में केबल कटने की समस्या केवल एक दिन रही, जबकि वास्तविक बाधा रामगढ़ एक्सचेंज के आगे तार पर गिरे पेड़ के कारण पिछले चार दिनों से बनी हुई थी.
पेड़ हटने के बाद लिंक दुरुस्त करने का काम तेज
बीएसएनएल कर्मी ने बताया कि बीच में किसी तरह कुछ घंटों के लिए लिंक चालू किया गया था, लेकिन समस्या पूरी तरह दूर नहीं हो सकी. मंगलवार को वन विभाग की टीम द्वारा एक्सचेंज के आगे बिजली तार पर गिरे पेड़ को हटाये जाने के बाद अब बीएसएनएल कर्मी सर्वर और लिंक को दुरुस्त करने में जुटे हैं.

आरटीजीएस और निकासी समेत कई सेवाएं प्रभावित
गोडसरा पीएनबी शाखा से जुड़े करीब 30 हजार उपभोक्ताओं को पिछले पांच दिनों से भारी परेशानी झेलनी पड़ रही थी. लिंक फेल रहने के कारण रुपये जमा करने और निकासी से लेकर आरटीजीएस, केवाईसी सहित बैंकिंग से जुड़े कई जरूरी काम पूरी तरह प्रभावित थे. शादी, इलाज और अन्य जरूरी कार्यों के लिए बैंक पहुंचे ग्राहकों को निराश होकर लौटना पड़ रहा था.
खबर के बाद ग्राहकों में जगी सेवा बहाली की उम्मीद
ग्राहकों की इसी परेशानी को लेकर मंगलवार को प्रभात खबर की टीम बैंक पहुंची थी और उपभोक्ताओं की पीड़ा उन्हीं की जुबानी प्रमुखता से प्रकाशित की थी. खबर के बाद बुधवार की सुबह बीएसएनएल कर्मियों द्वारा युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य शुरू किये जाने से ग्राहकों में अब जल्द सेवा बहाल होने की उम्मीद जगी है.
तीन घंटे के दावे पर टिकी निगाहें
बहरहाल, बीएसएनएल कर्मी के तीन घंटे में लिंक बहाल करने के दावे पर अब सभी की निगाहें टिकी हैं. यदि तय समय में लिंक चालू हो जाता है, तो पांच दिनों से बैंकिंग सेवा के लिए परेशान हो रहे हजारों ग्राहकों को बड़ी राहत मिलेगी.
ALSO READ : कैमूर में रिश्ते तार-तार: नशीला पदार्थ पिलाकर महिला से चाचा ससुर पर दुष्कर्म का आरोप, FIR दर्ज
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए